मथुरा में महिला की मौत:पति से हुआ था झगड़ा, परिजन ने लगाया हत्या का आरोप

मथुरा में महिला की मौत:पति से हुआ था झगड़ा, परिजन ने लगाया हत्या का आरोप

मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र स्थित हंसराज कॉलोनी में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद में एक महिला की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान प्रीति (पत्नी लेखराज) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राल गांव की निवासी थी और वर्तमान में हंसराज कॉलोनी में रह रही थी। प्रीति की शादी वर्ष 2013 में लेखराज से हुई थी। परिजनों के अनुसार, शुरुआती वैवाहिक जीवन सामान्य था, लेकिन बाद में पति के शराब पीने और कथित अवैध गतिविधियों में शामिल होने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। बताया जा रहा है कि एक बार फिर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि पति ने शराब के नशे में प्रीति के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *