टीकमगढ़ के बल्देवगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को छतरपुर हाईवे पर ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। यह जाम एक महिला की करंट लगने से हुई मौत के विरोध में लगाया गया था। करीब एक घंटे तक चले इस प्रदर्शन के बाद प्रशासन के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ। दरअसल, शनिवार शाम बल्देवगढ़ थाना क्षेत्र के पटोरी गांव में 25 वर्षीय संगीता यादव की करंट लगने से मौत हो गई थी। संगीता अपने खेत पर काम कर रही थीं, तभी 11 केवी लाइन का तार टूटकर उन पर गिर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजन शव लेकर बल्देवगढ़-छतरपुर हाईवे पर पहुंचे। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और धरने पर बैठ गए। इस दौरान हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर एसडीओपी टीकमगढ़, बल्देवगढ़ थाना प्रभारी और तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारी ग्रामीणों और परिजनों से बात की। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी एसडीओपी राहुल कटरे ने बताया कि परिजनों की मुख्य मांग आर्थिक सहायता और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की थी। बल्देवगढ़ तहसीलदार अनिल गुप्ता ने शासन के नियमानुसार आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत करने का आश्वासन दिया। पुलिस ने भी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इन आश्वासनों के बाद ग्रामीणों ने जाम हटा लिया और मामला शांत हुआ। महिला के दो छोटे बच्चे हैं।


