जालौन में अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत:कालपी पुल पर हादसा, पति की हालत गंभीर, कानपुर रेफर

जालौन में अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत:कालपी पुल पर हादसा, पति की हालत गंभीर, कानपुर रेफर

जालौन में कानपुर-झांसी नेशनल हाईवे-27 पर गुरुवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा जालौन के कालपी पुल के पास हुआ, जहां अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। कानपुर जिले के जूही थाना क्षेत्र अंतर्गत जूहीगड़ा निवासी सुनीता वर्मा (36) अपने पति जितेंद्र वर्मा (39) के साथ बाइक से उरई आ रही थीं। परिजन के अनुसार, दोनों उरई के मोहल्ला तुलसी नगर में रिश्तेदारी में आयोजित त्रयोदशी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान कालपी पुल पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों की मदद से परिजन दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज, उरई लेकर पहुंचे। वहां उपचार के दौरान सुनीता वर्मा ने दम तोड़ दिया। पति जितेंद्र की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया। मृतका के देवर गोलू ने बताया कि सुनीता अपने पीछे दो बेटियों को छोड़ गई हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन की पहचान की जा सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *