सीतापुर में कंटेनर की टक्कर से महिला की मौत:शराब के नशे में बाइक और तीन कारों को मारी टक्कर, DIO अफसर सहित चार चोटिल

सीतापुर में कंटेनर की टक्कर से महिला की मौत:शराब के नशे में बाइक और तीन कारों को मारी टक्कर, DIO अफसर सहित चार चोटिल

सीतापुर के खैराबाद थाना इलाके में NH-30 पर बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां मछरेहटा चुंगी के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी, इसके बाद एक के बाद एक तीन कारों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंटेनर की रफ्तार काफी तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। बताया जा रहा है कि कंटेनर चालक शराब के नशे में था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। पहले 2 तस्वीरें देखिए… टक्कर के बाद कंटेनर काफी दूर जाकर रुका। सूचना मिलते ही खैराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। हादसे में बाइक सवार महिला की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। मृतका की पहचान रेनू शुक्ला पत्नी वीरेंद्र शुक्ला, निवासी ग्राम बडेलिया, थाना मानपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं इस दुर्घटना में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें कार सवार जिला सूचना अधिकारी विपिन कुमार भी शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से प्राथमिक उपचार कराया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। कंटेनर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया जा रहा है, जिससे शराब के नशे की पुष्टि हो सकें। स्थानीय लोगों ने NH-30 पर तेज रफ्तार वाहनों और भारी ट्रकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *