नेशनल हाईवे 43, अंबिकापुर-रायगढ़ मुख्य मार्ग में शुक्रवार दोपहर लुचकी घाट के पास सामने से आ रहे वाहन से साइड लेने के दौरान कार बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में कार सवार महिला की मौत हो गई और अन्य सवार घायल हो गए। दुर्घटनाग्रस्त कार का एक पहिया सड़क किनारे पत्थर पर चढ़ गया, जिसके बाद तेज रफ्तार कार बेकाबू हो गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक,बतौली थाना अंतर्गत ग्राम सरमाना निवासी बलधनी बाई पति जुगुन बिहारी (58 वर्ष ) दोपहर में अपने बेटा तिलेश्वर, बहू व चार वर्षीय पोता के साथ इलाज कराने शहर आ रही थी। कार को तिलेश्वर चला रहा था। कार सवार लुचकी घाट मंदिर के समीप पहुंचे तभी कार चला रहे तिलेश्वर ने विपरीत दिशा से आ रहे वाहन को साइड देने लगा। इसी बीच कार का पहिया सड़क किनारे पत्थर पर चढ़ जाने से कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई घायल महिला की इलाज के दौरान मौत
हादसे में कारण सवार बलधनी बाई गंभीर रूप से घायल हो गई, वहीं अन्य सवारों को भी चौटें आईं। सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान घायल बलधनी बाई की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम किया है। अन्य घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के दौरान कार की रफ्तार तेज थी। साइड लेने के दौरान कार का पहिया साइड में रखे पत्थर से टकरा गया, जिसके बाद यह हादसा हो गया।


