हाथरस में मिट्टी में दबकर महिला की मौत:मकर संक्रांति के लिए पीली मिट्टी लेने गई थी, अलीगढ़ में इलाज के दौरान तोड़ा दम

हाथरस में मिट्टी में दबकर महिला की मौत:मकर संक्रांति के लिए पीली मिट्टी लेने गई थी, अलीगढ़ में इलाज के दौरान तोड़ा दम

हाथरस के सिकंदराराऊ-जलेसर मार्ग स्थित जरेरा गांव में बुधवार को एक महिला की मिट्टी में दबकर मौत हो गई। 38 वर्षीय मीना देवी अपने बच्चे के साथ नहर के पास पीली मिट्टी खोद रही थीं, तभी ऊपर से मिट्टी खिसककर उन पर गिर गई। गंभीर रूप से घायल मीना देवी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। यह घटना जरेरा चौकी क्षेत्र के अंतर्गत हुई। बताया गया कि मीना देवी मकर संक्रांति के अवसर पर घर की लिपाई-पुताई और अन्य घरेलू कार्यों के लिए पीली मिट्टी लेने गई थीं। वह अपने परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों के साथ नहर के पास खेत में मिट्टी खोदने पहुंची थीं। अन्य लोग मिट्टी लेकर घर लौट गए थे, लेकिन मीना देवी अपने छोटे बच्चे के साथ वहीं मिट्टी खोदती रहीं। इसी दौरान अचानक मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा खिसककर उनके ऊपर आ गिरा। बच्चे की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मीना देवी को मिट्टी से बाहर निकाला। ग्रामीणों ने मीना देवी को गंभीर हालत में तुरंत सिकंदराराऊ के एक निजी नर्सिंग होम पहुंचाया। वहां से उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां बुधवार देर शाम चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतका मीना देवी अपने पीछे दो पुत्र कन्हैया (18 वर्ष), विनीत (16 वर्ष) और एक पुत्री निशा (20 वर्ष) छोड़ गई हैं। जानकारी के अनुसार, पुत्री निशा की शादी अगले महीने फाल्गुन मास में होनी थी, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *