कुशीनगर में महिला की जहर खाने से मौत:पति ने भाई पर अवैध संबंध और हत्या करने का लगाया आरोप

कुशीनगर में महिला की जहर खाने से मौत:पति ने भाई पर अवैध संबंध और हत्या करने का लगाया आरोप

कुशीनगर में रविवार को एक महिला की जहर खाने से मौत हो गई। महिला को गंभीर हालत में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।मामला रामकोला थाना क्षेत्र के सोहरौना गांव का है। पति मन्नू कुशवाहा ने अपनी पत्नी की मौत के लिए पड़ोस के चचेरे भाई संदीप कुशवाहा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पति का कहना है कि संदीप और मनीषा के बीच अवैध संबंध थे। उसी के चलते संदीप ने जहर देकर उसकी पत्नी की हत्या कर दी। मन्नू कुशवाहा का आरोप है कि राजनीतिक दबाव के चलते रामकोला पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, जबकि उन्हें पूरी रात थाने में बैठाए रखा गया। पुलिस की कथित निष्क्रियता से नाराज परिजनों ने मनीषा के शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। आक्रोशित परिजनों ने विरोध स्वरूप मृतका का शव कथित आरोपी संदीप के घर के दरवाजे पर रख दिया, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। 24 घंटे बाद हुआ अंतिम संस्कार सोमवार को पति मन्नू को थाने से छोड़े जाने के बाद, शव गांव लाया गया और लगभग 24 घंटे बाद दोपहर में अंतिम संस्कार किया गया। मन्नू और मनीषा की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व हुई थी। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं—डेढ़ साल की एक बेटी और एक माह का बेटा। मन्नू प्रदेश के बाहर शटरिंग का काम करता है। मन्नू की बहन ने बताया कि संदीप कुशवाहा का उसकी भाभी से संबंध था। जब भाई को इसकी जानकारी हुई तो दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ। परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद के चलते मनीषा की मौत हुई है। उनका कहना है कि या तो उसे जबरन जहर खिलाया गया या खाने के लिए मजबूर किया गया। पति मन्नू के अनुसार, 7 जनवरी को मनीषा कथित आरोपी संदीप के साथ घर से चली गई थी। इसकी तहरीर रामकोला थाने में दी गई थी, जिसके बाद 9 जनवरी को सुलह कराई गई। पति का आरोप है कि सुलह के दौरान पत्नी आरोपी के साथ रहने को राजी हुई और मायके जाने लगी। इसी दौरान उसे जहर दे दिया गया, क्योंकि मायके पहुंचते ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उल्टियां शुरू हो गईं। थानाध्यक्ष ने आरोपों से किया इनकार थानाध्यक्ष धनवीर सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने घटना की जानकारी होने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि उन्हें कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है।हालांकि परिजनों का दावा है कि मामला 7 जनवरी से ही थाने में पहुंच चुका था और पुलिस ने रविवार रात मृतका के पति को थाने में बैठाए रखा था। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *