मध्य दिल्ली में कार की चपेट में आने से एक महिला की मौत, आरोपी गिरफ्तार

मध्य दिल्ली में कार की चपेट में आने से एक महिला की मौत, आरोपी गिरफ्तार

मध्य दिल्ली में आईपी एस्टेट के पास एक महिला को अपनी कार से कुचल देने के आरोप में 46 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उसने बताया कि महिला को लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है।

उसने बताया कि आरोपी खुशीपाल तोमर एक विज्ञापन एजेंसी में काम करता है और घटना के समय वह उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में अपने पैतृक स्थान जा रहा था।
पुलिस उपायुक्त (मध्य) निधिन वालसन ने कहा, ‘‘25 अक्टूबर को दोपहर करीब ढाई बजे यमुना ब्रिज के पास एक सफेद कार ने इस महिला को टक्कर मार दी और भाग गई। ’’

उन्होंने कहा कि पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन उसे कोई चश्मदीद नहीं मिला और फिर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गयी।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान, सचिवालय भवन की ओर भागती हुई एक सफेद कार का पता चला।

सचिवालय गेट के पास लगे सीसीटीवी फुटेज से गाड़ी की पुष्टि हुई, लेकिन उसकी नंबर प्लेट स्पष्ट नहीं थी। जांच करने पर रजिस्ट्रेशन नंबर की पहचान हो गई।
पुलिस के मुताबिक, यह वाहन दरियागंज के ‘तोमर’ के नाम पर पंजीकृत पाया गया, जो हाल में मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज (एमएएमसी) परिसर में स्थानांतरित हुआ था।

पुलिस ने सोमवार को तोमर का पता लगाया और उसे कार के साथ पकड़ लिया। पूछताछ में उसने कथित तौर पर दुर्घटना के समय कार चलाने और डर के मारे मौके से भागने की बात कबूल की।
पुलिस के अनुसार कार जब्त कर ली गयी है। मृत महिला की शिनाख्त के लिए जांच-पड़ताल की जा रही है तथा कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *