राजस्थान: बीकानेर में जांच करने गई महिला हवलदार पर कुत्ते से करवाया हमला, शरीर पर आए गहरे जख्म

राजस्थान: बीकानेर में जांच करने गई महिला हवलदार पर कुत्ते से करवाया हमला, शरीर पर आए गहरे जख्म

बीकानेर: जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना इलाके में एक परिवाद की जांच करने गई पुलिस टीम में शामिल महिला हवलदार पर पिटबुल कुत्ते से हमला करवाने का मामला सामने आया है। कुत्ते के काटने से महिला हवलदार के शरीर पर जख्म हो गए।

बता दें कि महिला हवलदार को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हवलदार के पर्चा बयान पर आरोपियों पर मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, जेएनवीसी थाने में तैनात महिला हवलदार माली जाखड़ ने रिपोर्ट में बताया गया कि गत 2 मार्च को वह चेतक-06 में ड्यूटी पर थी।

इस दौरान उपनिरीक्षक शारदा के निर्देश पर एक परिवाद की जांच के लिए पुलिस जाब्ते के साथ चाणक्यनगर कॉलोनी के मकान नंबर 4-बी पर पहुंची। पुलिस टीम ने जब घर का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से एक लड़की बाहर आई।

पुलिसकर्मियों ने लड़की से मनीषा मोदी को बुलाने के लिए कहा। कुछ देर बाद वह लड़की घर के अंदर गई और पिटबुल कुत्ते को लेकर बाहर आई। आरोप है कि मकान का गेट खोलकर कुत्ते को बाहर छोड़ दिया और तुरंत गेट बंद कर लिया।

कुत्ते ने किया हमला

पिटबुल कुत्ते ने हवलदार माली जाखड़ पर हमला कर दिया और कई जगह शरीर पर काट लिया। मौके पर मौजूद उपनिरीक्षक शारदा और सिपाही मुकेश ने काफी मशक्कत के बाद कुत्ते से हवलदार को छुड़वाया। परिवादिया ने आरोप लगाया कि मनीषा मोदी और लड़की ने जानबूझकर पिटबुल को छोड़कर हमला करवाया और राजकार्य में बाधा उत्पन्न की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *