मथुरा के थाना गोविन्दनगर क्षेत्र स्थित लक्ष्मीनगर कॉलोनी में रविवार को एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भेज दिया। जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीनगर कॉलोनी निवासी नरेंद्र पुत्र प्रेमचंद ने पुलिस को इस घटना की सूचना दी थी। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक रवि त्यागी पुलिस बल के साथ और चौकी प्रभारी बिरला मंदिर उपनिरीक्षक अजीत कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस की जांच में सामने आया कि लक्ष्मीनगर कॉलोनी निवासी सुमन पत्नी कन्हैया सैनी ने अपने कमरे का दरवाजा बंद कर दुपट्टे का फंदा बनाकर पंखे से लटककर आत्महत्या की। घटना के समय मृतका का पति मजदूरी पर गया हुआ था। घर पर मृतका के दो छोटे बच्चे, 8 वर्षीय पुत्री आरुषि और 5 वर्षीय पुत्र प्रिंस मौजूद थे। मृतका के सास-ससुर का पहले ही निधन हो चुका है। पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष को घटना की सूचना दे दी है। मृतका का मायका अलीगढ़ जनपद के कस्बा व थाना खैर क्षेत्र के मालीपुरा में बताया गया है। सुमन की शादी लगभग दस वर्ष पूर्व हुई थी। परिजनों के अनुसार, मृतका अतिरिक्त आय के लिए पास में रहने वाली बुआ सास के घर पर पोशाक सिलाई का कार्य भी करती थी। वहीं, उनके पति मसानी क्षेत्र में एक बैटरी इन्वर्टर की दुकान पर काम करते हैं। पुलिस ने मौके पर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी अजीत कुमार द्वारा मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है और पुलिस घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है।


