हवाओं की रफ्तार ने पकड़ी तेजी, 67% रही नमी

भास्कर संवाददाता|सागर प्रदेश के कई हिस्सों में जहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है, वहीं सागर का मौसम फिलहाल जुदा नजर आ रहा है। रात का पारा गिरने के बजाय अभी भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में एक डिग्री की मामूली गिरावट जरूर हुई है, लेकिन दिन और रात का पारा अभी भी सामान्य से 1-1 डिग्री ज्यादा बना हुआ है। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान भी हल्की गिरावट के साथ 11.6 डिग्री पर आ गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 19 जनवरी से एक शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। जैसे ही यह विक्षोभ आगे निकलेगा, उत्तर से आने वाली बर्फीली हवाएं सीधे बुंदेलखंड में प्रवेश करेंगी। महीने के अंतिम दिनों में सागर सहित पूरे संभाग में कड़ाके की ठंड और शीतलहर चलने की संभावना है। आसमान में पश्चिमी जेट स्ट्रीम की रफ्तार में अचानक बड़ा उछाल आया है। पिछले 24 घंटों में इसकी गति 205 किमी प्रति घंटा से बढ़कर 235 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई है। इन तेज हवाओं के कारण ही आसमान में बादलों की आवाजाही लगी हुई है। सुबह के वक्त हवा में नमी का स्तर 67% रहा, जिससे हल्की धुंध छाई रही, जबकि शाम होते-होते यह घटकर 45% पर आ गई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *