टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। एक महीने तक चले मुकाबलों के बाद होने वाले इस फाइनल को लेकर ग्वालियर सहित पूरे देश में क्रिकेट प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह है। बड़ी स्क्रीन में मैच देखेंगे लोग ग्वालियर शहर में सुबह से ही फाइनल मुकाबले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कई स्थानों पर बड़ी स्क्रीन लगाने की तैयारी की जा रही है, ताकि लोग एक साथ बैठकर इस ऐतिहासिक मुकाबले का आनंद ले सकें। कई क्रिकेट प्रेमी अपने दोस्तों और परिवार के साथ मैच देखने की योजना बना रहे हैं। भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। टीम इंडिया ने अपने आठ मुकाबलों में से सात में जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई है। प्रशंसकों को उम्मीद है कि भारतीय टीम आज भी जीत दर्ज कर देश को विश्व चैंपियन बनाएगी। क्रिकेट प्रेमियों को जीत का विश्वास क्रिकेट प्रेमी श्याम झा ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि भारत यह मैच जीतेगा। उनका मानना है कि न्यूजीलैंड की टीम अन्य टीमों के खिलाफ भले ही अच्छा प्रदर्शन कर ले, लेकिन भारत के सामने टिक नहीं पाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि अभिषेक का बल्ला आज चला तो मैच का रुख बदल सकता है। अन्य क्रिकेट प्रेमियों का भी मानना है कि अभिषेक का बल्ला इस मैच में जरूर चलेगा और मुकाबला एकतरफा हो सकता है। उनका अनुमान है कि यदि भारत पहले बल्लेबाजी करता है तो टीम का स्कोर 200 रन से ऊपर जा सकता है। प्रशंसकों को संजू के बेहतरीन प्रदर्शन की भी उम्मीद है।


