स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ यौन उत्पीड़न का केस दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज प्रयागराज में कई बार अपनी जान का खतरा, हमले की आशंका जता चुके हैं। अब रविवार को आशुतोष महाराज पर आखिरकार जानलेवा हमला हो गया। ट्रेन में उन पर अज्ञात हमलावर ने चाकू से हमला किया। इस हमले में आशुतोष महाराज की हलकी सी नाक कट गई। साफ है कि हमलावर ने नाक काटने की कोशिश की। उनकी नाक से खूब सारा खून भी बहा। नाक में गहरे जख्म हैं। तो क्या हमलावर सच में आशुतोष महाराज की नाक काटना चाहता था। क्या यह हमला उस ऐलान से जुड़ा है जिसमें कहा गया था कि आशुतोष महाराज की नाक काटने वाले को 21 लाख इनाम मिलेगा। श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज ऐलान किया था कि जो भी सनातनी आशुतोष महाराज की नाक काट कर लाएगा। उसको 21 लाख रुपए का इनाम मिलेगा। क्या सार्वजनिक रूप से हुए इस ऐलान के बाद ही किसी ने आशुतोष ब्रह्मचारी की नाक काटने की कोशिश की ताकि 21 लाख के इनाम पर दावा कर सके। अब सबसे बड़ा सवाल क्या हमलावर 21 लाख के इमान के लिए फलाहारी महाराज के पास जाएगा। हालांकि वह आशुतोष महाराज की नाक काटकर अपने साथ तो नहीं ले जा सका लेकिन चाकू से हमला कर नाक काट जरूर दी यानि काफी नुकसान तो पहुंचा ही दिया। ऐलान के बाद आशुतोष बोले थे हत्या की साजिश फलाहारी महाराज के ऐलान के बाद आशुतोष महाराज हमलावर हो गए थे। उन्होंने प्रयागराज में मीडिया से बातचीत में कहा था कि इसका संज्ञान तो सरकार और प्रशासन को खुद लेना चाहिए। यह तो सीधे सीधे हत्या की धमकी की तरफ इशारा है। हत्या की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि अविमुक्तेश्वरानंद और उसके लोग हमला कर सकते हैं, जान ले सकते हैं। अब यह हमलावर उसकी वाणी को और मुखर बनाएगा। जानिये फलाहारी महाराज ने क्या ऐलान किया था आशुतोष महाराज और शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद विवाद में अचानक से श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज की एंट्री होती है। 24 फरवरी को वह वीडियो जारी कर ऐलान करते हैं कि जो भी सनातनी आशुतोष महाराज की नाक काट कर लाएगा। उसको 21 लाख रुपए का इनाम मिलेगा। फलाहारी महाराज ने वीडियो जारी करते हुए कहा कि सनातनियों के लिए शंकराचार्य प्रधानमंत्री होते हैं। शंकराचार्य गौ माता के लिए संघर्ष कर रहे हैं। सभी सवा सौ करोड़ हिंदुओं के लिए पूज्यनीय हैं। कहा कि शंकराचार्य पर आरोप लगाने वाले आशुतोष पांडे गौ हत्यारे हैं। फलाहारी बोले- आशुतोष के हिंदू होने पर धिक्कार दिनेश फलाहारी ने कहा था कि आशुतोष महाराज अपराधी हैं। दिनेश फलाहारी ने कहा कि आशुतोष महाराज के हिंदू होने पर धिक्कार है। उन्होंने कहा कि जो भी सनातनी भाई आशुतोष पांडे की नाक काटेगा। इसे जूतों की माला पहनाएगा। उसको श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास की तरफ से 21 लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा। दिनेश फलाहारी ने कहा था कि इनके ऊपर गैंगस्टर, हिस्ट्रीशीटर, गौ हत्या, ठगी,बलात्कार का आरोप है। दिनेश फलाहारी ने कहा कि ऐसी IPC की धारा नहीं है, जो इस पर लगी न हो। ऐसे व्यक्ति पर सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस पर जब तक कार्रवाई नहीं होगी। तब तक सनातनी चुप नहीं बैठेगा। आशुतोष महाराज पर चलती ट्रेन में चाकू से हमला शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर बटुकों से यौन उत्पीड़न की FIR कराने वाले आशुतोष महाराज पर रविवार को चलती ट्रेन में जानलेवा हमला हुआ। आशुतोष महाराज ने बताया- मैं रीवा एक्सप्रेस ट्रेन से गाजियाबाद से प्रयागराज जा रहा था। फर्स्ट AC कोच में बैठा था। रास्ते में सिराथू रेलवे स्टेशन के पास सुबह करीब 5 बजे टॉयलेट के लिए उठा। बाहर गेट पर एक आदमी खड़ा था। आगे बढ़ा तो उसने पीछे से हमला कर दिया। धारदार हथियार से उसने मेरी नाक काटने की कोशिश की। चेहरे और हाथ पर कई वार किए। गंभीर चोटें आईं। काफी खून बहा। आशुतोष ब्रह्मचारी के मुताबिक, वह किसी तरह अपनी जान बचाकर भागे और ट्रेन के टॉयलेट में खुद को बंद कर लिया। वहीं से जीआरपी को फोन करके घटना की जानकारी दी। उन्होंने हमले के पीछे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद, उनके शिष्य मुकुंदानंद समेत अन्य को जिम्मेदार ठहराया है। फिलहाल, अभी FIR नहीं हुई है। हमले पर शंकराचार्य ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा- यह सब दिखावा है। आशुतोष माहौल बनाने और सुरक्षा पाने के लिए ऐसा कह रहे हैं। हमारे ऊपर आरोप लगाने का मकसद सिर्फ मीडिया का अटेंशन पाना है। यह यात्रा से ध्यान भटकाने की कोशिश है। आशुतोष ने शंकराचार्य को जवाब दिया है। उन्होंने कहा- हम एक-एक बूंद खून का बदला लेंगे। हमलावर कह रहा था कि तुम्हारी नाक काट कर अपने गुरू के चरणों में चढ़ाना है। हम उनको (शंकराचार्य) कानून से मारेंगे। वो झूठ बोल रहे हैं। अपने ऊपर कोई कैसे हमला करा लेगा। वह अपनी नाक कटवाकर देख लें। पहले 3 तस्वीरें- शंकराचार्य की गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट ने लगाई थी रोक आशुतोष महाराज, जगद्गुरु रामभद्राचार्य के शिष्य हैं। उन पर 21 FIR हैं। उन्होंने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर 21 फरवरी को 2 बटुकों के यौन शाषण की FIR दर्ज कराई थी। शंकराचार्य की गिरफ्तारी पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रोक लगा रखी है। मार्च के तीसरे हफ्ते में अग्रिम जमानत पर सुनवाई होगी।


