गुमला जिले के सिसई प्रखंड में एक जंगली हाथी ने 60 वर्षीय वृद्ध को कुचलकर मार डाला। यह घटना पुसो गांव में हुई। मृतक की पहचान रवि महतो के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के पुत्र दुर्गा महतो ने बताया कि उनके पिता शुक्रवार सुबह शौच के लिए घर से कुछ दूर पोखरा टोली एकअम्बा रोड की ओर गए थे। इसी दौरान एक जंगली हाथी सामने आ गया, जिसने उन्हें कुचल दिया। शेष मुआवजा राशि कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद देने का आश्वासन ग्रामीणों द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वन विभाग के प्रभारी वनपाल राकेश कुमार मिश्रा और वनकर्मी रजत किरण डुंगडुंग भी घटनास्थल पर पहुंचे। पीड़ित परिवार को तत्काल 25 हजार रुपए की मुआवजा राशि दी गई है। शेष मुआवजा राशि कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद देने का आश्वासन दिया गया है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से इस क्षेत्र में एक जंगली हाथी लगातार घूम रहा है, जिससे ग्रामीण चिंतित हैं। कुछ समय पहले भी इस हाथी ने ग्रामीणों के कई घरों और फसलों को नुकसान पहुंचाया था। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा प्रदान करने और हाथी भगाने के लिए दल बुलाने की मांग की है।


