पत्नी का शव पोस्टमार्टम रूम में, पति थाने में बैठा:बिजली बिल के लिए नवविवाहिता ने किया था सुसाइड; पति डर के कारण थाने में रहा

शहर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत नानाखेड़ी में बिजली बिल के विवाद के बाद सुसाइड करने वाली महिला कीर्ति कुशवाह का अंतिम संस्कार शनिवार दोपहर को भारी गहमागहमी के बीच हुआ। उसका पति घटना के बाद से ही थाने में जाकर बैठ गया था। उसने खुद के साथ मारपीट की आशंका जताई थी। दूसरी ओर मृतिका के मायके पक्ष ने हत्या के आरोप लगाए हैं। बता दें कि शुक्रवार शाम पोस्टमार्टम होने के बावजूद शव का अंतिम संस्कार नहीं हो सका था। मृतका के मायके पक्ष का कहना था कि जब तक पति सामने नहीं आएगा, तब तक मुखाग्नि नहीं दी जाएगी। दूसरी ओर, पति अपनी सुरक्षा के डर से खुद पुलिस थाने में जाकर बैठ गया था। शनिवार को पुलिस ने दोनों पक्षों की उपस्थिति में गमगीन माहौल में अंतिम विदाई दिलाई। इस पूरे मामले में नाटकीय मोड़ तब आया जब शुक्रवार को घटना के बाद से ही पति नीतीश कुशवाह लापता बताया जा रहा था। बाद में पता चला कि वह खुद कैंट थाने पहुंच गया था। कैंट थाना प्रभारी अनूप भार्गव के अनुसार, नीतीश ने पुलिस से गुहार लगाई थी कि उसे अपनी पत्नी के मायके वालों से खतरा है और वह उसके साथ मारपीट कर सकते हैं, इसलिए उसे थाने में ही रखा जाए। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से उसे थाने में बिठाया और शनिवार को जब दोनों पक्ष अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए, तब पुलिस की मौजूदगी में उसे श्मशान ले जाया गया, जहां उसने अपनी पत्नी को अंतिम विदाई दी। भाई ने लगाए हत्या के आरोप
अंतिम संस्कार के दौरान मृतका के भाई निवासी महूखान ने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाए। भाई का कहना है कि उनकी बहन को पति, सास और ससुर द्वारा लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। भाई ने बताया कि गुरुवार को नीतीश उनके घर आया था और झगड़े की बात कहते हुए धमकी दी थी कि कल सुबह लकड़ी (अंत्येष्टि) में आना। भाई के अनुसार, मेरी बहन ने आत्महत्या नहीं की है, उसे मारा गया है। अगर वह निर्दोष था तो पुलिस थाने में क्यों छिपा रहा? उसने हमारा फोन तक नहीं उठाया। मायके पक्ष ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। ये था मामला
नानाखेड़ी निवासी नीतीश कुशवाहा के घर का बिजली बिल पेनाल्टी और सरचार्ज जुडक़र 1.26 लाख रुपये तक पहुंच गया था। आर्थिक तंगी के कारण बिल जमा न होने पर 15 दिन पहले बिजली कंपनी ने कनेक्शन काट दिया था। शुक्रवार सुबह इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आवेश में आकर कीर्ति ने पहले अपनी 10 महीने की मासूम बच्ची के मुंह और नाक में रुई ठूंसकर उसे मारने की कोशिश की और फिर खुद फांसी के फंदे पर झूल गई। समय रहते परिजनों ने बच्ची को देख लिया, जिससे उसकी जान बच गई। फिलहाल बच्ची का उपचार जिला अस्पताल में जारी है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *