पत्नी की काटी जीभ घरवालों ने फ्रिज में रखी:मेरठ में डॉक्टर भी नहीं जोड़ पाए; अब कभी नहीं बोल पाएगा विपिन

यूपी के जिला गाजियाबाद में 26 साल का विपिन अब कभी नहीं बोल पाएगा। पत्नी ने उसकी जीभ अपने दांतों से काटकर अलग कर दी। डॉक्टर उस कटी हुई जीभ को जोड़ने में नाकाम रहे हैं। फैमिली वालों ने जीभ का ये टुकड़ा अब घर लाकर फ्रिज में रख दिया है। उद्देश्य सिर्फ इतना है कि कहीं पुलिस को सबूत न देना पड़ जाए। परिवार वाले कहते हैं- विपिन की पत्नी ईशा शराब-सिगरेट पीती थी। महंगे रेस्टोरेंट में बॉयफ्रेंड संग पार्टियां करती थी। 400 रुपए की कॉफी पीती थी। जबकि पति की तनख्वाह 17-18 हजार रुपए थी। कुल मिलाकर विपिन का पूरा परिवार उसकी पत्नी से परेशान था, वहीं, पत्नी ईशा भी पति से छुटकारा पानी चाहती थी। फैमिली ने दैनिक भास्कर को एक्सक्लूसिव बातचीत में बताया कि उस रात ईशा ने चाकू से नहीं, बल्कि संबंध बनाने के दौरान अपने दांतों से जीभ काटी थी। ये रिपोर्ट पढ़िए… सबसे पहले पूरा घटनाक्रम समझिए… शादी के 8 महीने बाद ही क्रूरता की
कस्बा मोदीनगर में संजयपुरी इलाका है। यहां रहने वाले 26 साल के विपिन एक वेल्डिंग फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं। मई-2025 में विपिन की शादी मेरठ की मलियाना में रहने वाली ईशा से हुई थी। 19 जनवरी 2026 की रात पति-पत्नी में झगड़ा हुआ। इसके बाद ईशा ने विपिन की जीभ काटकर अलग कर दी। विपिन की मां गीता ने अपनी बहू के खिलाफ मोदीनगर थाने में FIR कराई। पुलिस ने 20 जनवरी को ईशा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घायल विपिन का इलाज मेरठ के सुभारती हॉस्पिटल में चला। 25 जनवरी को वो घर पहुंच गए हैं। कमरे में अबॉर्शन की दवाइयां और सिगरेट के टुकड़े मिले
हम मोदीनगर के संजयपुरी में विपिन के घर पहुंचे। विपिन कंबल ओढ़कर चारपाई पर लेटे थे और दर्द से कराह रहे थे। घर पर आसपास के लोग उन्हें देखने के लिए आ रहे थे। फैमिली ने विपिन की कटी हुई जीभ कपड़े में लपेटकर फ्रिज में रख दी है। उन्होंने वो जीभ फ्रिज से निकालकर हमें दिखाई। कई दिन बीतने की वजह से वो सिकुड़ चुकी थी। हमने पूछा- जीभ क्यों रखी है? इस पर विपिन के छोटे भाई सनी कहते हैं- पुलिस या कोई और हमसे कब सबूत मांगने लग जाए, इसलिए जीभ को संभालकर रखा है। परिवार वाले हमें विपिन और ईशा के कमरे में ले गए। उन्होंने अलमारी खोलकर कुछ दवाइयां दिखाईं। कहा कि ये दवाइयां अबॉर्शन की हैं। मतलब ईशा मां बनना नहीं चाहती थी। फैमिली ने हमें कुछ सिगरेट के टुकड़े दिखाए और दावा करते हुए कहा कि ईशा ये सिगरेट पीती थी। डॉक्टरों ने कहा- अब कभी नहीं बोल पाएगा
विपिन के भाई सनी बताते हैं- हमने भाई का इलाज मेरठ के सुभारती हॉस्पिटल में कराया। डॉक्टरों ने साफ कह दिया कि अगर हम जीभ जोड़ भी देते हैं, तब भी उसमें कोई जान नहीं होगी। रक्त कोशिकाएं कट जाने से अब कटी हुई जीभ सक्रिय नहीं है। अगर प्लास्टिक सर्जरी कर भी देंगे, तब भी विपिन पहले जैसे नहीं बोल पाएगा। सनी ने बताया- डॉक्टरों ने बची हुई जीभ पर टांके लगा दिए हैं, ताकि जख्म भर जाए। कुछ दिन बाद ये टांके काट दिए जाएंगे। अब कुछ दिनों तक भाई दवाई खाता रहेगा, लेकिन वो पहले जैसे बोल नहीं पाएगा। दोस्त बोला- विपिन को छूने नहीं देती थी, शराब-सिगरेट पीती थी
ये पूरा घटनाक्रम कैसे हुआ, पूरे विवाद की शुरुआत कैसे हुई? ये समझने के लिए हमने घायल विपिन के सबसे करीबी दोस्त बॉबी कुमार से बात की। उन्होंने बताया- मई-2025 में विपिन की शादी हुई थी। शादी के बाद विपिन मुझसे हर एक बात शेयर करता था। वो बताता था कि मेरी पत्नी मेरे साथ दोगला व्यवहार कर रही है। मैं कभी उसको छूता हूं, तो टच नहीं करने देती। मैं इंसान हूं, आखिर ऐसे कब तक सहन करता रहूंगा। इस पर मैं विपिन से कहता था कि कोई बात नहीं। शायद थोड़े दिन बाद सब ठीक हो जाएगा। कुछ दिनों बाद विपिन अक्सर मेरी दुकान से सिगरेट की डिब्बी खरीदकर ले जाने लगा। बॉबी ने बताया कि विपिन सिगरेट नहीं पीता था। जब मैंने पूछा तो उसने बताया कि पत्नी सिगरेट पीती है। उसी के लिए खरीदकर ले जाता हूं। विपिन ने जैसा मुझे बताया, उसके मुताबिक उसकी पत्नी को शराब पीना, सिगरेट पीना, चिकन खाना, महंगे रेस्टोरेंट में पार्टी करना, 400 रुपए की कॉफी पीना…इस तरह के उसके शौक थे। जबकि विपिन की तनख्वाह 17-18 हजार रुपए थी। कई बार विपिन ने ये तक बताया कि पत्नी उससे पैसा लेकर अपने बॉयफ्रेंड संग घूमती थी। बॉबी कुमार बताते हैं- विपिन और उसके घरवालों को कई महीने पहले ही पता चल गया था कि उस लड़की का चरित्र ठीक नहीं है। उसका बॉयफ्रेंड मेरठ का ही रहने वाला है। वो ज्यादातर वक्त अपने बॉयफ्रेंड से वॉट्सऐप पर चैटिंग करती रहती थी। अक्सर विपिन से ये भी कहती रहती कि मेरे घरवालों ने तेरे साथ जबरदस्ती शादी की है। मैं तेरे साथ रहना नहीं चाहती। वो औरत विपिन को कभी-कभी हिजड़ा तक बोल देती थी। पिता बोले- पंडित ने मना किया था, फिर भी बिचौलिए ने शादी करवाई
9 महीने पहले ही विपिन की शादी हुई थी। इस रिश्ते की शुरुआत कैसे हुई? इस पर विपिन के पिता रामौतार बताते हैं- मेरा एक दोस्त है। मैंने एक दिन उससे कहा कि बेटे के लिए कोई रिश्ता करवा दे। मैंने साफ कहा कि मेरे पास शादी में खर्च करने के लिए पैसा नहीं है। मैं कोई दावत वाली शादी नहीं करना चाहता। मैं चाहता था कि हमारी तरफ से 4 लोग जाएं और साधारण तरीके से शादी करें। रामौतार बताते हैं- हमारा संपर्क मेरठ के टीपीनगर इलाके में मलियाना की फैमिली से हुआ। लड़की पसंद आ गई। लड़की इतनी हाई-फाई थी कि उसने सिंपल शादी करने से साफ मना कर दिया। हमारे पास पैसे नहीं थे। बैंक से 10 लाख रुपए का लोन लिया। उस पैसे से हमने अपने बेटे की शादी की। घर में उन दोनों के रहने के लिए छत पर एक अलग कमरा भी बनवाया था। रामौतार आगे बताते हैं- शादी से पहले हमने जब लड़का और लड़की की कुंडली का मिलान कराया, तो पंडित ने साफ कहा कि गुण आपस में मैच नहीं हो रहे। पंडित ने इस रिश्ते से साफ मना कर दिया था। लेकिन, बिचौलिया दोस्त इस पर अड़ा रहा कि मैं बाद में देख लूंगा, सब ठीक हो जाएगा। अब हमें लग रहा है कि पंडित जी की बात मानकर उसी वक्त ये शादी नहीं करते, तो ठीक रहता। अब इस केस के बाद लड़की वाले कह रहे हैं कि वो हम पर उल्टा दहेज एक्ट का केस लगाएंगे। मतलब हमारे लड़के की जिंदगी खराब कर दी और हमें ही धमकी मिल रही। रामौतार बताते हैं- शादी के कुछ दिन बाद ही हमें लड़की के लक्षण अच्छे नहीं लगे। वो कभी भी अपने मायके चली जाती थी। ससुराल में घर का कोई काम नहीं करती थी। दारू-सिगरेट पीना, मेरे बेटे से किसी भी तरह के रिलेशन नहीं बनाना, उसको धमकी देना…ये सब आम बात थी। वो बेटे से कहती थी कि तुम मेरे लायक नहीं हो, तुम मुझे पसंद नहीं हो। ———————— ये खबर भी पढ़ें… पति की जुबान काटकर बेड पर फेंक दी, रोज-रोज कहता था खाना अच्छा नहीं बनाती हो गाजियाबाद में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पत्नी ने पति की जीभ काटकर अलग कर दी। जीभ का टुकड़ा बेड पर फेंक दिया। दोनों के बीच खाने को लेकर विवाद हुआ था। पढ़ें पूरी खबर

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *