भाजपा नेत्री द्वारा अधिवक्ता विशाल गुर्जर के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और आईटी एक्ट के तहत दर्ज कराए गंभीर आरोपों की पुलिस जांच शुरू हो चुकी है। शुक्रवार को मामले में नया मोड़ आ गया। विशाल की पत्नी ने एसपी योगेश गोयल के समक्ष पेश होकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है कि पति को पुलिस रात 3 बजे बिना सूचना के अवैधानिक तरीके से उठा ले गई। सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर व मोबाइल फोन तक जब्त कर लिए। इस मामले की निष्पक्ष जांच तभी संभव है जब जांच अधिकारी बदला जाए। दिनभर भाजपा नेताओं में पुलिस की तत्परता की चर्चा रही है कि गुरुवार रात 10 बजे पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और रात 3 बजे आरोपी विशाल को उसके घर से पकड़ लिया। चर्चा यह भी है कि आरोपी विशाल ने किसी भाजपा नेता के भी आपत्तिजनक वीडियो-फोटो किसी हिडन कैमरे से खींच लिए, जिनके जरिए वह भाजपा नेत्री को भी ब्लैकमेल कर रहा था। हालांकि, असल स्थिति पुलिस जांच के बाद ही पता चल सकेगी। बता दें, भाजपा नेत्री ने दर्ज मामले में कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर अश्लील वीडियो बनाने, इन्हें वायरल करने की धमकी देकर शारीरिक संबंध बनाने व एक अन्य प्रकरण में समझौता कराने का दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया था।


