मुरादाबाद : पकौड़ा…एक युवक को जीवनभर का दर्द दे गया। युवक अपनी नई-नवेली दुल्हन को लेकर जा रहा था। तभी मुरादाबाद का बिलारी बस स्टैंड आया। दुल्हन को पकौड़े की दुकान दिखाई दी। दुल्हन अपने पति से बोली कि मुझे पकौड़े खाने हैं…आप जाकर पकौड़े ला दो न। दुल्हन की फरमाइश पर युवक नीचे उतरा और दुकान से पकौड़े लाने चला गया। जब युवक पकौड़े लेकर वापस तो देखा सीट खाली है और उसकी दुल्हन वहां पर नहीं है। युवक ने अपनी पत्नी को खूब इधर-उधर देखा लेकिन, वह कहीं नहीं मिली। थक हार कर पति ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पति को शक है कि उसकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ भाग गई है।
जानकारी के मुताबिक मामला मुरादाबाद के बिलारी बस स्टैंड का है। पीड़ित युवक पीतम सिंह अमरोहा जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के ओसामाफी गांव का रहने वाला है। उसकी शादी 1 दिसंबर 2025 को रामपुर जिले की रहने वाली 18 वर्षीय रिमझिम के साथ हुई थी। शादी के बाद होली का त्योहार मनाने के लिए रिमझिम करीब एक हफ्ते पहले अपने मायके चली गई थी।
ससुराल लौटते समय हुआ घटनाक्रम
सोमवार (9 मार्च 2026) को पीतम सिंह अपनी पत्नी को ससुराल से विदा कराकर घर वापस ला रहा था। दोनों पहले सैफनी से बस के जरिए बिलारी पहुंचे और वहां से मुरादाबाद जाने के लिए रोडवेज बस में बैठ गए।
परिवार के मुताबिक, दोपहर करीब 2 बजे बस जैसे ही बिलारी बस स्टैंड पर रुकी, रिमझिम ने पति से पकौड़े खाने की इच्छा जताई। उसने पीतम को पास की कैंटीन से पकौड़े और पानी लेने के लिए भेज दिया।
पति लौटा तो सीट खाली मिली
पीतम जब कुछ मिनट बाद पकौड़े लेकर वापस बस में लौटा तो उसकी पत्नी सीट पर नहीं थी। उसने तुरंत बस में बैठे यात्रियों से पूछताछ की। यात्रियों ने बताया कि महिला किसी से मोबाइल पर बात कर रही थी और फिर बस से नीचे उतर गई।
पति ने पत्नी के मोबाइल पर कई बार कॉल किया, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद उसने बस स्टैंड और आसपास के इलाके में काफी देर तक तलाश की, लेकिन रिमझिम का कहीं पता नहीं चला।
प्रेमी के साथ भाग जाने का शक
आखिरकार पीतम सिंह ने बिलारी थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। उसने आशंका जताई है कि उसकी पत्नी रामपुर जिले के सैफनी थाना क्षेत्र के सागरपुर गांव के रहने वाले इमरान नाम के युवक के साथ जा सकती है। परिजनों का कहना है कि उन्हें पहले इस तरह की किसी बात की जानकारी नहीं थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार भी हैरान है।
मामले में पुलिस ने शुरू की तलाश
पीतम सिंह के अनुसार, रिमझिम की लंबाई करीब 5 फुट 3 इंच है, रंग गोरा है और उसने इंटरमीडिएट तक पढ़ाई की है। बिलारी थाना पुलिस का कहना है कि पति की तहरीर के आधार पर महिला की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच उपनिरीक्षक विनीत कुमार को सौंपी गई है और महिला की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में भी सूचना भेजी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही महिला का पता लगाने की कोशिश की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।


