‘मुझसे क्यों पूछ रहे हो?’ लंदन में ठिकाना बनाने के बाद ओवरसीज खिलाड़ी कहकर तंज कसे जाने पर Virat Kohli ने तोड़ी चुप्पी

‘मुझसे क्यों पूछ रहे हो?’ लंदन में ठिकाना बनाने के बाद ओवरसीज खिलाड़ी कहकर तंज कसे जाने पर Virat Kohli ने तोड़ी चुप्पी

Virat Kohli: आईपीएल 2026 के बीच लंदन में ठिकाना बनाने को लेकर विराट कोहली सोशल मीडिया पर सवालों के घेरे में आ गए हैं। कुछ लोग उन्‍हें ओवरसीज खिलाड़ी बताते हुए तंज कस रहे है, जिस पर कोहली ने अपनी चुप्‍पी तोड़ी है। 

Virat Kohli ने लंदन से लौटते ही आईपीएल 2026 के पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए मैच जिताऊ पारी खेली। स्टार बल्लेबाज कोहली आरसीबी को उस खिताब को बचाने में मदद करने के लिए दृढ़ नजर आए, जिसे उन्होंने पिछले सीजन में पहली बार जीता था। खास बात ये है कि वह इस टूर्नामेंट के लिए बिना किसी लंबी तैयारी के आए थे। उन्होंने जनवरी में भारत के आखिरी वनडे मैच के बाद ब्रेक लिया था और फिर इंग्लैंड चले गए थे। कोहली भारत में लाइमलाइट से दूर रहने के लिए अपने परिवार के साथ लंदन में ज्‍यादा समय बिता रहे हैं। वह अक्सर बड़े मैचों से ठीक पहले ही लौटते हैं, हालांकि मैचों में उनकी फॉर्म पर इसका कोई असर नहीं दिखा है।

आईपीएल के बीच भारत के पूर्व कप्तान कोहली पर लंदन में ठिकाना बनाने को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं। कई लोग तो उनके इस कदम पर तंज भी कस रहे हैं। इसी बीच आरसीबी के साथ एक वीडियो में कोहली ने इन बातों का जवाब दिया है। वीडियो में होस्‍ट दानिश सैत अपने मशहूर ‘मिस्टर नैग्स’ वाले अंदाज में मजाक करते हुए कोहली से पूछते हैं कि लोग कह रहे हैं कि आरसीबी पांच ओवरसीज खिलाड़ियों के साथ खेल रही है। मुझे समझ नहीं आ रहा कि वे असल में क्या कह रहे हैं?

‘क्या मैं ओवरसीज खिलाड़ी हूं?’

इस पर कोहली ने चेहरे पर हल्की सी मुस्कान लिए हुए जवाब दिया कि मुझे नहीं पता, तुम मुझसे क्यों पूछ रहे हो? ओवरसीज खिलाड़ियों से पूछो। मैं कोई ओवरसीज खिलाड़ी नहीं हूं। क्या मैं ओवरसीज खिलाड़ी हूं?

इसके बाद कोहली ने आरसीबी के साथ सफलता के लिए लंबे इंतजार को याद किया। कोहली ने उस राहत के एहसास के बारे में खुलकर बात की, जो उन्हें इस फ्रेंचाइजी के साथ अपने 18वें सीजन में आखिरकार खिताब जीतने के बाद महसूस हुई। विराट ने बताया कि मैंने यह बात या कहावत सुनी थी कि चार साल बाद सिर से बोझ हट जाता है। उस रात मुझे सच में एहसास हुआ कि इसका क्या मतलब होता है। सब कुछ हल्का हो गया।

‘जीत कड़ी मेहनत का नतीजा होती है’

विराट ने कहा कि जीत असल में कड़ी मेहनत, आपके द्वारा किए गए सभी बलिदानों और खेल के प्रति आपकी पूरी लगन का ही नतीजा होती है। यह सब मिलकर एक तरह के भरोसे और इनाम के रूप में सामने आता है, जिससे आपको यह तसल्ली मिलती है कि आपने अपना समय बर्बाद नहीं किया है।

उन्‍होंने आगे कहा कि बहुत से लोग हार से सीखते हैं, लेकिन कई लोग इससे बहुत निराश भी हो जाते हैं। इसलिए जब आप बहुत ज्‍यादा मेहनत के बाद जीत हासिल करते हैं, तो आपको लगता है कि आपकी मेहनत का सही फल मिला है और साथ ही आपको और भी ज्‍यादा मेहनत करने की प्रेरणा मिलती है।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *