अनुपम खेर को किसने जड़ दिया थप्पड़? हैरान होकर एक्टर ने दे दी चेतावनी, बोले- तेरी नाक तोड़ दूंगा

अनुपम खेर को किसने जड़ दिया थप्पड़? हैरान होकर एक्टर ने दे दी चेतावनी, बोले- तेरी नाक तोड़ दूंगा

Anupam Kher Slap Viral Video: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर अक्सर अपने सोशल मीडिया पोस्ट्स को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। कभी मोटिवेशनल बातें, तो कभी जिंदगी से जुड़े अनुभव साझा करते हुए वो फैंस से जुड़े नजर आते हैं। लेकिन इस बार वजह कुछ अलग रही। हाल ही में अनुपम खेर के गाल पर किसी ने थप्पड़ मार दिया और एक्टर हैरान रह गए। घबराइए नहीं, ये थप्पड़ नहीं बल्कि मजाक में उनके गाल पर किया गया एक टच ही था। लेकिन अनुपम खेर के रिएक्शन ने वीडियो को वायरल कर दिया। आखिर क्या है ये मामला, चलिए जानते हैं।

अनुपम और सिकंदर का मजेदार वीडियो वायरल

इस वायरल वीडियो में अनुपम खेर और सिकंदर खेर के बीच एक मजेदार पल देखने को मिलता है। दरअसल, अनुपम खेर हाल ही में दांत निकलवाने की प्रक्रिया से गुजरे थे। इलाज के बाद उनके चेहरे का एक हिस्सा सुन्न था और हल्की सूजन भी नजर आ रही थी। इसी स्थिति में सिकंदर अपने पिता के साथ मस्ती करते दिखाई देते हैं।

वीडियो की शुरुआत में सिकंदर दर्शकों को बताते हैं कि उनके पिता का अभी डेंटल ट्रीटमेंट हुआ है। बातचीत के दौरान अनुपम खेर खुद बताते हैं कि उनका गाल अब भी सुन्न है। ये सुनते ही सिकंदर मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि अगर कोई इस हालत में थप्पड़ मार दे तो क्या होगा। जैसे ही वो हाथ आगे बढ़ाते हैं, अनुपम खेर अचानक गुस्सा हो जाते हैं।

बेटे सिकंदर से बोले अनुपम खेर

अनुपम खेर ने बेटे सिकंदर को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ज्यादा जोर से लगा तो वह जवाब में नाक तोड़ देंगे। हालांकि चेतावनी के बावजूद सिकंदर खेर हल्के से अपने पिता के गाल पर हाथ मार देते हैं। इसके बाद अनुपम खेर काफी हैरान हो जाते हैं। इसके बाद सिकंदर मुस्कुराते हुए पूछते हैं, ‘अब क्या करोगे?’

इस पर अनुपम खेर अपने पुराने फिल्मी अंदाज में प्रतिक्रिया देते हैं और एक क्लासिक डायलॉग मारते हैं। हालांकि कुछ ही पलों में सख्ती प्यार में बदल जाती है और वह बेटे से ऐसा न करने को कहते हैं। आखिर में सिकंदर हल्के से पिता के गाल को सहलाते हैं और वीडियो खत्म हो जाता है।

500 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके अनुपम

काम की बात करें तो अनुपम खेर चार दशक से ज्यादा समय से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं और अब तक 500 से अधिक फिल्मों में नजर आ चुके हैं। वो जल्द ही फिल्म ‘खोसला का घोसला 2’ में दिखाई देंगे, जिसे लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है। वहीं सिकंदर खेर भी अपनी अलग पहचान बनाने में जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *