Aimee Baruah Assam Elections 2026: गुरुवार, 9 अप्रैल को असम विधानसभा चुनाव 2026 संपन्न हुए। इस दौरान मतदान केंद्रों पर राज्य की कई बड़ी-बड़ी कई मशहूर हस्तियां अपना वोट देने के लिए पहुंची। इन्हीं बड़ी हस्तियों में असमिया अभिनेत्री एमी बरुआ भी वोट डालने पहुंचीं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि वो भाजपा मंत्री पीयूष हजारिका की पत्नी हैं, जो जागीरोड निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। सोशल मीडिया पर मीडिया से एमी की बातचीत वायरल हो रही है और लोग उनकी खूब तारीफ कर रहे हैं।
कौन हैं ऐमी बरुआ? (Aimee Baruah Assam Elections 2026)
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहीं ऐमी कौन हैं, अगर आप भी जानना चाहते हैं तो बता दें कि वो असम की सबसे फेमस एक्ट्रेसेस में से एक हैं। 41 साल की ऐमी बरुआ कई असमिया फिल्मों का हिस्सा रही हैं और उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2002 में रिलीज हुई फिल्म ‘प्रेम अरु प्रेम’ से की थी। इसके बाद वो ‘कदमटोले कृष्णा नाचे’, ‘जेतुका पटोर डोरे’, ‘रोंगटापु 1982’ और कई अन्य फिल्मों में अपनी एक्टिंग से सबका ध्यान खींचा।
हाल ही में ऐमी बरुआ ने दिमासा भाषा की फिल्म ‘सेमखोर’ के साथ निर्देशन में भी एंट्री की है। जानकारी के लिए बता दें कि इस फिल्म को दो नेशनल अवॉर्ड्स भी मिल चुके हैं, जिनमें स्पेशल जूरी मेंशन और दिमासा भाषा में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार शामिल है। इसके अलावा उनकी डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘बिरुबाला: विच टू पद्मश्री’ को 70वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में जूरी के स्पेशल जूरी मेंशन अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। एमी ने साल 2011 में पीयूष हजारिका से शादी की। इन दोनों के दो बच्चे हैं, बेटा अथर्व और बेटी आरुही।
एमी बरुआ कांस फिल्म महोत्सव में (Aimee Baruah at the Cannes Film Festival)
साल 2022 में, एमी कांस फिल्म महोत्सव के रेड कार्पेट पर चलने वाली पहली असमिया अभिनेत्री भी बनीं। उन्होंने 75वें कांस फिल्म महोत्सव में अपनी फिल्म ‘सेमखोर’ को प्रेजेंट किया। बाद में वो कई बार असमिया सिनेमा का प्रतिनिधित्व करने के लिए कांस फिल्म महोत्सव में शामिल हुईं।
कांस में पहनी 200 साल पुराने डिजाइन की मुगा साड़ी
2024 में, ऐमी ने कान्स की अपनी यात्रा के बारे में एक नोट शेयर किया था। उन्होंने लिखा, “कांस फिल्म फेस्टिवल के मशहूर रेड कार्पेट पर तीसरी बार कदम रखते हुए, मैंने एक बार फिर अपने असमिया होने की पहचान और आत्मसम्मान को गर्व के साथ अपनाया। अपनी संस्कृति को दिखाते हुए, मुझे बहुत खुशी हुई कि मैंने 200 साल पुराने डिजाइन वाली मुगा साड़ी पहनी, जिसमें पारंपरिक कारीगरी थी। हाथ में गामखारू, असमिया गमछा, रिहा और बालों में कोपौ फूल (ऑर्किड) लगाए। आप सभी के प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद।”



(@FltLtAnoopVerma)