फर्रुखाबाद के रामनगरिया मेले में शनिवार देर रात सेल्फी लेते समय एक युवक पैंटून पुल से गंगा नदी में गिर गया। वह करीब 50 फीट तक बह गया, लेकिन पुलिस की तत्परता से उसकी जान बचा ली गई। यह घटना कादरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बने पैंटून पुल पर हुई। गांव बहादुरपुर निवासी 24 वर्षीय मोईन अपने बहनोई राशिद के साथ पुल पर गया था। राशिद के अनुसार, मोईन पुल पर लगी रेलिंग के सहारे खड़े होकर सेल्फी ले रहा था, तभी अचानक गंगा में गिर गया। मोईन के गंगा में गिरने के बाद राशिद ने शोर मचाया और मेला क्षेत्र में मौजूद पैंटून पुल चौकी के सिपाहियों को सूचना दी। कानपुर देहात से आए हेड कांस्टेबल बृजेश ने बिना देरी किए गंगा में छलांग लगा दी। बृजेश ने बहते हुए मोईन को पकड़ लिया और उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह व अन्य पुलिसकर्मियों के सहयोग से उसे गंगा से बाहर निकाला। युवक को ठंड से बचाने के लिए आग के पास बैठाया गया। घटना की सूचना मिलने पर मेला क्षेत्र की कोतवाली प्रभारी भोलेंद्र चतुर्वेदी भी मौके पर पहुंचीं। बाद में युवक अपने घर चला गया।


