ससुराल से लौटते समय बुझ गए दो घरों के चिराग गड्ढे में गिरी बाइक, दो युवकों की मौत

ससुराल से लौटते समय बुझ गए दो घरों के चिराग गड्ढे में गिरी बाइक, दो युवकों की मौत

बहराइच जिले में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। नानपारा कोतवाली इलाके में अनियंत्रित होकर बाइक गड्ढे में गिर गई। जिससे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों ससुराल से अपने घर लौट रहे थे। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

बहराइच जिले के नानपारा-रूपईडीहा मार्ग पर ड्रीम हाउस के पास शाम करीब 6 बजे यह दर्दनाक हादसा हुआ। बाइक पर सवार दीपू यादव (25) और कमलेश यादव (33) ग्राम रंजीतवा, थाना रूपईडीहा स्थित ससुराल से वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे बसहरी मोड़ के पास पहुंचे। अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया। वह सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

मां बाप का रो रो कर बुरा हाल

बताया जा रहा है कि दीपू यादव पांच भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी अभी शादी नहीं हुई थी। घर में सबसे छोटे होने के कारण वे परिवार के बेहद लाडले थे। उनकी अचानक मौत से माता-पिता और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है।

2 साल के बेटे के सिर से उठा बाप का साया

कमलेश यादव अपने पीछे दो साल का बेटा विवेक छोड़ गए हैं। बेटे को अब शायद ही समझ आए कि उसके सिर से पिता का साया उठ चुका है। दीपू के भाई राजू यादव ने बताया कि दोनों लोग कमलेश के ससुराल किसी पारिवारिक काम से गए थे। शाम को लौटते समय यह हादसा हो गया। उपनिरीक्षक सौरभ पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम पहुंची थी। पंचनामा भरने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *