US Israel Iran Conflict: इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच जंग को एक महीने से ज्यादा हो गया है। यह युद्ध कितने समय और चलेगा इसको लेकर हर कोई जानना चाह रहा है। इसी बीच इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने युद्ध को लेकर एक बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि ईरान के खिलाफ युद्ध अपने आधे से ज्यादा लक्ष्य को हासिल कर चुका है। यह कब खत्म होगा, इसको लेकर अभी कोई टाइम लिमिट नहीं है।
इजरायली पीएम के बयान से लग रहा है कि युद्ध कब खत्म होगा, इस पर कोई स्पष्ट समयसीमा नहीं दी गई है। लेकिन नेतन्याहू ने दावा किया कि इस अभियान के बाद ईरान कमजोर होगा, जबकि अमेरिका और इजरायल और मजबूत बनकर उभरेंगे।
दरअसल, अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इसके जवाब में ईरान ने भी इजरायल पर हमला किया।
ईरान को पहुंचाया नुकसान
नेतन्याहू ने कहा कि इस युद्ध में ईरान की सैन्य और परमाणु क्षमताओं को काफी हद तक नुकसान पहुंचा है। एक इंटरव्यू में इजरायली पीएम ने कहा कि संयुक्त बलों ने ईरान की मिसाइल क्षमता को कमजोर किया है, हथियार बनाने वाली फैक्ट्रियों को नष्ट किया है और परमाणु कार्यक्रम से जुड़े प्रमुख वैज्ञानिकों को खत्म किया है।
इजरायली पीएम के मुताबिक ईरान परमाणु हथियार और उन्हें दूर तक पहुंचाने की क्षमता विकसित कर रहा है, जो अमेरिका और उसके सहयोगियों के लिए खतरा बन सकता है।
उन्होंने बताया कि ऑपरेशन का मौजूदा फोकस ईरान के समृद्ध यूरेनियम भंडार पर है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस यूरेनियम को ईरान से हटाने और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों को सौंपने की मांग की है।
ईरान ने ट्रंप को दी चेतावनी
वेस्ट एशिया विवाद पर डील न होने पर ईरान की एनर्जी साइट्स को उड़ाकर खत्म करने की डोनाल्ड ट्रंप की बड़ी चेतावनी के बाद ईरान ने कड़ा जवाब दिया है। उन्होंने ट्रंप को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी तरह के हमले का करारा जवाब दिया जाएगा।
ईरान के पार्लियामेंट्री स्पीकर मोहम्मद बाघेर कलीबाफ ने एक ट्वीट में कहा कि दुश्मन अपनी इच्छाओं को खबरों की तरह बढ़ावा देता है और साथ ही हमारे देश को धमकाता भी है। बड़ी गलती। अगर वे एक पर हमला करते हैं, तो वे कई वापस ले लेंगे।


