Sanjay Dutt Mumbai Restaurant: बॉलीवुड के ‘बाबा’ संजय दत्त इन दिनों अपनी फिल्म ‘आखरी सवाल’ के टीजर को लेकर चर्चा में हैं, लेकिन इसी बीच वह एक बड़े विवाद में भी फंस गए थे। मामला उनके नए खुले रेस्टोरेंट-बार ‘आल्टा स्टेला’ (Alta Stella) के एक खास ड्रिंक से जुड़ा था, जिसमें सजावट के तौर पर ‘जिंदा मछली’ का इस्तेमाल किया गया था। सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना और पशु प्रेमियों के विरोध के बाद, अब संजय दत्त और उनके पार्टनर ने इस ड्रिंक को मेन्यू से पूरी तरह हटा दिया है।
संजय दत्त के रेस्टोरेंट में थी मछली वाली कॉकटेल (Sanjay Dutt discontinue live fish cocktail)
मार्च के महीने में संजय दत्त ने अपने दोस्त अभिमन्यु जाखड़ के साथ मिलकर ‘आल्टा स्टेला’ नाम का एक आलीशान रेस्टोरेंट और बार लॉन्च किया था। इसके प्रमोशन के लिए संजय ने 11 मार्च को एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें ‘Ebius Cocktail’ दिखाई गई थी। हैरान करने वाली बात यह थी कि कॉकटेल के गिलास में एक छोटी जिंदा मछली तैर रही थी और ड्रिंक के ऊपर आग जल रही थी।
जैसे ही यह पोस्ट वायरल हुआ, लोग भड़क उठे। सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे ‘क्रूरता’ करार दिया। एक यूजर ने लिखा, “सजावट के लिए जिंदा जानवर का इस्तेमाल? यह किसी को पसंद नहीं आएगा। बेरहमी को बढ़ावा देना बंद करें।” वहीं, एनिमल वेलफेयर से जुड़े संगठनों ने भी इस पर कड़ी आपत्ति जताई थी।

रेस्टोरेंट ने दी सफाई और मांगी माफी (Sanjay Dutt mumbai Bar- Restaurant Alta Stella)
मामला बढ़ता देख रेस्टोरेंट मैनेजमेंट ने तुरंत कदम उठाया और इंस्टाग्राम पर एक माफीनामा जारी किया। उन्होंने लिखा, “हर चीज वैसी नहीं होती जैसी होनी चाहिए। हम आपकी चिंताओं को गंभीरता से लेते हैं।” पोस्ट में सफाई देते हुए बताया गया कि यह कॉकटेल मीन राशि (Pisces) से प्रेरित थी और इसमें ‘बेट्टा फिश’ का इस्तेमाल किया गया था, जिसे फाइटर फिश भी कहा जाता है।
मैनेजमेंट ने आगे कहा, “हम मानते हैं कि जिंदा मछली को कॉकटेल में रखना एक वाजिब चिंता का विषय है। जानवरों की सुरक्षा हमारे लिए हमेशा प्राथमिकता रही है। इसलिए हमने फैसला किया है कि यह ड्रिंक अब सर्व नहीं की जाएगी।”

संजय दत्त के पोस्ट पर आए थे नेगेटिव कमेंट्स (Sanjay Dutt Post Fans Negative Comments)
संजय दत्त के जिस पोस्ट पर पहले लोग बधाई दे रहे थे, वहीं बाद में कमेंट्स की बाढ़ आ गई जिसमें लोगों ने ड्रिंक से मछली हटाने की मांग की। लोगों का कहना था कि मनोरंजन या दिखावे के लिए किसी बेजुबान की जान को जोखिम में डालना या उसे डराना बिल्कुल गलत है।
फिलहाल, विवादित ड्रिंक हटने के बाद मामला शांत होता दिख रहा है। संजय दत्त और उनकी टीम ने समझदारी दिखाते हुए जनता की भावनाओं का सम्मान किया है और अपनी गलती सुधार ली है। अब देखना यह होगा कि ‘आल्टा स्टेला’ अपने मेन्यू में और क्या नए और सुरक्षित बदलाव लेकर आता है।



