मां बगल में चारपाई पर लेटी थी, नींद खुली तो बेटी खून से लतपथ मिली, घर के अंदर गला रेत कर हत्या

मां बगल में चारपाई पर लेटी थी, नींद खुली तो बेटी खून से लतपथ मिली, घर के अंदर गला रेत कर हत्या

उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां देर रात घर में सो रही एक 18 वर्षीय युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई। हैरानी की बात यह रही कि उसकी मां पास ही सोती रही। और उसे कोई आहट तक नहीं मिली।

श्रावस्ती जिले के सिरसिया थाना इलाके के शाहपुर बदगदवा गांव में शुक्रवार रात दिल दहला देने वाली घटना हुई। गांव के रहने वाले पंचूराम की इकलौती बेटी सुनीता देवी (18) की अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के वक्त सुनीता अपने घर में सो रही थी। जबकि उसकी मां कलावती उसी कमरे में पास की चारपाई पर लेटी हुई थी।

मां की नींद खुली तो बेटी का हाल देख लगी चीखने

परिजनों के अनुसार, सुनीता रात को खाना खाने के बाद रोज की तरह सोने चली गई थी। आधी रात के करीब जब कलावती की नींद खुली तो उसने देखा कि उसकी बेटी खून से सनी हालत में पड़ी है। सुनीता के गले पर गहरे घाव के निशान थे। काफी खून बह चुका था। यह दृश्य देखकर मां चीखने लगी। जिसके बाद घर के अन्य लोग और पड़ोसी मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में गांव में घटना की खबर फैल गई। बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर सिरसिया थाना प्रभारी शैलकांत उपाध्याय पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया। और जरूरी साक्ष्य जुटाए।

एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में युवती की हत्या धारदार हथियार से किए जाने की आशंका है। मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई है। हर पहलू से जांच की जा रही है।

पुलिस का दावा जल्द होगा घटना का खुलासा

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हो सकता है। वारदात के बाद से परिवार के लोग सदमे में हैं। किसी से बात करने से बच रहे हैं। मां के पास सो रही बेटी की इस तरह हत्या हो जाना पूरे गांव में चर्चा और हैरानी का विषय बना हुआ है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *