कोटा शहर के महावीर नगर इलाके में मामूली टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार विनोबा भावे नगर निवासी 34 वर्षीय विष्णु कुमार अपने साथी तरुण कुमार नागर, निवासी संतोषी नगर के साथ पैदल जा रहे थे। इसी दौरान एक फूड डिलीवरी बॉय की बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। घायल विष्णु कुमार ने बताया कि कल रात मेरा साथी और में सड़क पर जा रहे थे इसी दौरान एक बाइक चालक ने टक्कर मार दी। बाइक चालक को टोका और विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद हम दोनों मामले की शिकायत करने के लिए महावीर नगर थाने जा रहे थे। इसी दौरान फूड डिलीवरी बॉय ने अपने साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में करीब 50 से 60 युवक वहां पहुंच गए और उन्होंने दोनों पर पत्थरों और लोहे के पाइप से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में विष्णु कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथी को भी चोटें आईं। वहीं पास में दुकान पर मौजूद एक व्यक्ति पर भी इन बदमाशों ने सिर पर पाइप से हमला किया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायलों को तुरंत कोटा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां विष्णु कुमार का इलाज जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने बताया कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी हैं।


