Ravindra Jadeja reply over calling Rajasthan ‘Dry region’: रवींद्र जडेजा ने राजस्थान को सूखाग्रस्त राज्य बताने वाले पत्रकार के सवाल पर करारा जवाब दिया है। यह क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। जडेजा 2008 के बाद राजस्थान रॉयल्स में फिर लौटे हैं और ‘बन्ना’ के नाम से फैंस के बीच लोकप्रिय हो रहे हैं।
Ravindra Jadeja reply over calling Rajasthan ‘Dry region’: राजस्थान रॉयल्स के प्री-सीजन कैंप में आज एक प्रेस कॉन्फ्रैंस के दौरान माहौल अचानक गर्म हो गया। एक पत्रकार ने रवींद्र जडेजा से कहा कि राजस्थान एक सूखाग्रस्त क्षेत्र है, ठीक उसी तरह टीम के लिए 2008 के खिताब के बाद से कप का सूखा भी जारी है। उनका सवाल यह था कि क्या इस साल यह कप का सूखा खत्म हो पाएगा? सवाल सुनने के बाद उसे समझने के लिए जडेजा को दोबारा सुनना पड़ा।
उन्होंने रिपोर्टर को सवाल ठीक करने की हिदायत देते हुए जवाब दिया कि वे ऐसा न कहें, राजस्थान में काफी हरियाली नजर आ रही है। इसके बाद हॉल में बैठे दर्शक और जड़ेजा के साथ मंच पर बैठे वैभव सूर्यवंशी अपनी हंसी और तालियां रोक नहीं पाए। जडेजा ने आगे कप के सूखे की बात पर जवाब देते हुए कहा कि जिस तरह एक पौधे को भी बड़ा होने में समय लगता है, वैसे ही एक टीम भी धीरे-धीरे मैच्योर होती है। पौधा अब पेड़ बन चुका है और टीम इस बार कप जीतने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
“जब बन्ना बोलते हैं तो सुनना ही पड़ता है!”
पत्रकार का अजीब सवाल जडेजा की एक लाइन में ही खत्म हो गया। टीम के साथी और स्टाफ भी तालियां बजाने लगे। राजस्थान रॉयल्स ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स इस क्लिप को शेयर करते हुए लिखा, “जब बन्ना बोलते हैं तो सुनना ही पड़ता है!” सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो चुका है और फैंस जडेजा की हाजिरजवाबी की भरपूर तारीफ कर रहे हैं।
2008 के बाद राजस्थान रॉयल्स में जड़ेजा की वापसी
रवींद्र जडेजा की राजस्थान रॉयल्स में वापसी फैंस के लिए भावनाओं और यादों से भरी हुई है। उन्होंने 2008 में इसी टीम से अपना आईपीएल का सफर शुरू किया था। टीम ने उसी सीजन में चैंपियनशिप भी जीती थी। बाद में चेन्नई सुपर किंग्स में चले गए जहां कई साल लगातार खेले और ट्रॉफियां हासिल की। नवंबर 2025 में टीमों के बीच ट्रेड डील के बाद अब वे वापस घर लौट आए हैं। मार्च 2026 में कैंप पहुंचते ही राजस्थानी स्टाइल में उनका राजसी स्वागत किया गया और ‘बन्ना’ उपनाम दिया गया। जडेजा ने इस मौके पर कहा, “जहां से शुरू किया, वहीं लौटना बहुत खास लग रहा है।” फैंस इस वापसी से बेहद उत्साहित हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि जडेजा की अगुवाई में टीम इस बार फिर से खिताब की दौड़ में रहेगी।
Sports – Patrika | CMS


