जब कलश लेकर एक साथ निकलीं 21 हजार महिलाएं, तो देखती रह गई जनता, 25 DJ ने माहौल में घोला भक्ति रस

जब कलश लेकर एक साथ निकलीं 21 हजार महिलाएं, तो देखती रह गई जनता, 25 DJ ने माहौल में घोला भक्ति रस

नारेहड़ा। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के कुहाड़ा गांव की पहाड़ी पर स्थित प्राचीन भैरूजी मंदिर का 17वां स्थापना दिवस शुक्रवार को धार्मिक आस्था और सामाजिक सहभागिता के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर गुरुवार को 21 हजार महिलाओं की कलश यात्रा निकाली गई।

कलश यात्रा चोटियां स्थित क्रशर के पास राधा-कृष्ण मंदिर से रवाना हुई। यह यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होती हुई 25 डीजे के साथ भैरू बाबा मंदिर पहुंची। करीब 4 किलोमीटर लंबी यात्रा में महिलाएं पारंपरिक परिधानों में मंगल गीत गाते हुए और भक्ति नृत्य करते हुए चलती रहीं। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। विधायक की पत्नी राधा पटेल ने भी महिलाओं के साथ कलश धारण कर सहभागिता निभाई।

651 क्विंटल प्रसादी तैयार

वार्षिकोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए 651 क्विंटल चूरमे की प्रसादी तैयार की गई है, जिसे 10 ट्रॉलियों में भरकर ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से निर्धारित स्थल तक पहुंचाया जाएगा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और हजारों वाहनों की आवाजाही को देखते हुए पार्किंग, यातायात और सुरक्षा सहित समस्त व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी ग्रामीणों ने स्वयं संभाली है। आयोजन से पूर्व स्थानीय विधायक हंसराज पटेल ने मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

व्यवस्थाओं को दिया अंतिम रूप

मेले के दौरान 5 हजार स्कूली वॉलिंटियर, 3 हजार पुरुष स्वयंसेवक और 500 महिला स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। सुरक्षा के लिए चार थानों का पुलिस बल, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था की गई है। ग्रामीण जयराम जेलदार, मंदिर पुजारी रोहिताश पोसवाल और कैलाश धाबाई ने बताया कि वार्षिकोत्सव में कई सांसद, विधायक और अन्य अतिथि शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *