जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस के इंजन में तकनीकी गड़बड़ी आ जाने से यह ट्रेन जैसलमेर स्टेशन से महज 3 किलोमीटर तक चल कर थम गई। शनिवार को अपराह्न 3.30 बजे जैसलमेर स्टेशन से यह ट्रेन (गाड़ी नं. 20491) रवाना हुई थी। थोड़ी आगे चल कर ट्रेन के पहिये थम गए और वह ट्रैक पर ही खड़ी हो गई। इस दौरान उसमें सफर कर रहे यात्रियों को तेज गर्मी में बेजा परेशानियों का सामना करना पड़ा। ट्रेन को करीब ढाई घंटे बाद वापस जैसलमेर स्टेशन पर लाया गया और इंजन बदलकर शाम करीब 6.20 बजे रवाना किया गया। वहीं इंजन में खराबी की सूचना यात्रियों ने रेलवे कंट्रोल रूम और संबंधित अधिकारियों को दी। 2 घंटे तक कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं हो पाई, जिससे गर्मी से परेशान यात्री ट्रैक पर उतर आए और रेलवे के खिलाफ नाराजगी जाहिर का इजहरा किया। जिस समय रेल टैक पर खड़ी थी, उस दौरान बिना पंखे और एसी के कोच बुरी तरह तपने लगे।
सफर की शुरुआत में ही व्यवधान
जानकारी के अनुसार साबरमती एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय 3.30 बजे जैसलमेर स्टेशन से रवाना हुई। यात्री अभी ठीक से बैठे भी नहीं थे कि स्टेशन से करीब 3 किलोमीटर दूर जाकर इंजन ठप हो गया। तेज गर्मी में यात्री परेशान हो गए और कई लोग उतरकर ट्रेन की छाया व आसपास की झाडिय़ों की छाया में खड़े हो गए। जब इंजन की तकनीकी खामी ठीक नहीं हुई तो रेलवे प्रशासन ने दूसरा इंजन मौके पर भेजा। शाम करीब 6 बजे ट्रेन को वापस खींचकर जैसलमेर स्टेशन लाया गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इंजन में अचानक आई तकनीकी खराबी के कारण प्रेशर ड्रॉप हो गया। सुरक्षा मानकों को देखते हुए ट्रेन को वापस स्टेशन लाना जरूरी था। बाद में उचित व्यवस्था कर ट्रेन को पुन: रवाना किया गया। इसके बाद ट्रेन तय समय से करीब 3 घंटे की देरी से शाम 6.20 बजे रवाना हो सकी।


