बूंदी. भैरूपुरा ओझा में सोमवार को ग्राम सेवा सहकारी समिति में अध्यक्ष पवन बैरागी एवं संचालक मंडल द्वारा गेहूं खरीद केंद्र का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुरु किया गया। इसके साथ ही किसान की फसल की आवक के साथ तौल कार्य कर शुभारंभ किया गया। केंद्र के शुरू होने से अब क्षेत्र के किसानों को फसल बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित लाभकारी मूल्य मिल सकेगा।
इस अवसर पर केंद्र प्रभारियों ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार गेहूं की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जाएगी। समिति प्रबंधकों ने किसानों से कहा कि अपनी फसल लाने से पहले ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित करें। केंद्र पर किसानों की सुविधा के लिए छाया, पानी और बारदाने (कट्टों) की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय किसान और समिति के सदस्य मौजूद रहे।
बरून्धन. कस्बे में सोमवार को ग्राम सेवा सहकारी समिति द्वारा समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद केंद्र का विधिवत शुभारम्भ किया गया। केंद्र का उद्घाटन समिति अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सुमन ने पंडित हरिओम गौतम के सानिध्य में पूजा-अर्चना कर किया।
इस दौरान व्यवस्थापक उमाशंकर चित्तौड़ा ने बताया कि केंद्र पर किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। खरीद केंद्र शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को अब अपनी उपज बेचने के लिए दूर-दराज की मंडियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। स्थानीय स्तर पर ही समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद होने से किसानों का समय और परिवहन खर्च दोनों बचेगा। साथ ही, पारदर्शी और सुचारू खरीद प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए समिति स्तर पर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
वहीं क्षेत्र में धनातरी जीएसएस खरीद केंद्र का सोमवार को विधिवत शुभारम्भ किया गया। जीएसएस व्यवस्थापक सीताराम गुर्जर ने बताया कि कार्यक्रम में सरपंच संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं किसान संघर्ष समिति के जिला अध्यक्ष संदीप पुरोहित ने विधिवत पूजा-अर्चना कर केंद्र का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि खरीद केंद्र शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर-दराज के मंडियों में भटकना नहीं पड़ेगा।
कापरेन. क्षेत्र के रोटेदा ग्राम सेवा सहकारी समिति पर राजफैड के समर्थन मूल्य गेहूं खरीद केंद्र का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि रोटेदा सरपंच रामलाल गुर्जर, समिति अध्यक्ष श्रवण लाल गोचर ने विधिवत रूप से कांटे बांट की पूजा अर्चना कर खरीद केंद्र का शुभारंभ किया।
व्यवस्थापक देवकिशन सैनी ने बताया कि खरीद केंद्र के शुभारंभ पर संवेदक शैलेंद्र शर्मा द्वारा झरनिया की झोपडिय़ां गांव निवासी किसान भंवर लाल गुर्जर लटूर लाल गुर्जर का साफा पहनाकर स्वागत किया गया और उनके गेंहू की तुलाई कर खरीद केंद्र का शुभारंभ किया गया। सरपंच राम लाल गुर्जर ने बताया कि रोटेदा में खरीद केंद्र शुरू नही होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। किसान खरीद केंद्र के शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। खरीद केंद्र पर आसपास के गांवो के किसानो द्वारा पंजीकरण करवाया गया है। खरीद केंद्र के शुरू होने से किसानों को राहत मिलेगी।इस दौरान गिर्राज जांगिड़, नरेश बागड़ी, राम अवतार गोचर, ओमप्रकाश, मोहन लाल शर्मा, प्रेम शंकर गोचर आदि मौजूद रहे।


