कैथल जिले में राजौंद के पुंडरी रोड पर किसान सुखपाल सिंह की कई एकड़ गेहूं की फसल गंदे पानी की चपेट में आने से पूरी तरह नष्ट हो गई है। यह जमीन पूर्व चेयरमैन अजमेर सिंह की है, जिसे किसान सुखपाल सिंह ने ठेके पर लिया हुआ था। किसान सुखपाल सिंह ने बताया कि कस्बे की आबादी से सटे खेत में गंदा पानी जमा होने लगा है। कस्बे से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था न होने के कारण यह समस्या हुई है। इसी वजह से उनकी खड़ी फसल बर्बाद हो गई। अधिकारियों को कई बार बता चुके उन्होंने आरोप लगाया कि कृषि पहले से ही घाटे का सौदा बनी हुई है। ऊपर से सरकार व प्रशासन की घोर अनदेखी किसानों के लिए अभिशाप बन जाती है। किसान ने बताया कि उन्होंने नगर पालिका और अन्य संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराया, लेकिन फसल बचाने के लिए कोई उचित कदम नहीं उठाया गया। सचिव बोले- स्थायी समाधान करवाया जाएगा नगर पालिका सचिव नरेंद्र शर्मा ने बताया कि गंदे पानी के लिए तालाब बनवाने के लिए जमीन लेने की प्रक्रिया पर नगर पालिका काम कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जमीन मिलते ही गंदे पानी का स्थायी समाधान करके तालाब का निर्माण करवाया जाएगा।


