जयपुर के होटल में क्या कर रही थीं 3 महिलाएं, पनाह देने वाले मालिक की बढ़ीं मुश्किलें, पुलिस तक पहुंची बात

जयपुर के होटल में क्या कर रही थीं 3 महिलाएं, पनाह देने वाले मालिक की बढ़ीं मुश्किलें, पुलिस तक पहुंची बात

जयपुर: राजधानी जयपुर में अवैध रूप से ठहरने वाले विदेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत श्यामनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने निर्माण नगर स्थित एक होटल में छापेमारी कर पासपोर्ट और वीजा की अवधि समाप्त होने के बावजूद रह रही थाईलैंड की तीन विदेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। साथ ही होटल संचालक के खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज ने बताया कि पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि श्यामनगर थाना क्षेत्र के निर्माण नगर स्थित होटल गोल्डन सकूरा में कुछ विदेशी महिलाएं अवैध रूप से ठहरी हुई हैं। सूचना के आधार पर श्यामनगर थाना पुलिस की टीम ने होटल में दबिश दी। इस दौरान होटल में कुल छह विदेशी महिलाएं मौजूद मिलीं, जो सभी थाईलैंड की रहने वाली थीं।

पासपोर्ट-वीजा अवधि खत्म

पुलिस ने सभी महिलाओं के पासपोर्ट और वीजा दस्तावेजों की जांच की। जांच में सामने आया कि तीन महिलाओं के पासपोर्ट और वीजा की वैधता समाप्त हो चुकी थी, इसके बावजूद वे पहचान छिपाकर होटल में ठहरी हुई थीं। पुलिस ने तीनों महिलाओं को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की है।

होटल मालिक पर एफआईआर

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि होटल संचालक ने विदेशी नागरिकों को ठहराने से पहले उनके दस्तावेजों की सही तरीके से जांच नहीं की और न ही संबंधित एजेंसियों को इसकी सूचना दी। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए होटल संचालक अंकित यादव (26), निवासी बुहाना, झुंझुनूं के खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

श्यामनगर थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। साथ ही होटल का पंजीकरण निरस्त कराने के लिए नगर निगम को पत्र लिखने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध रूप से ठहरने वाले विदेशी नागरिकों और उन्हें शरण देने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *