Divya Bharti Unsolved Death Mystery: 34 साल पहले आया ‘सात समुन्द्र पार मैं तेरे पीछे-पीछे…’ गाना, आज भी पुराना नहीं हुआ है और ना ही पुरानी हुई इस गाने को अमर बनाने वाली अभिनेत्री दिव्या भारती की यादें। 32 साल पहले बॉलीवुड की यंगेस्ट सुपरस्टार दिव्या भारती ने दुनिया को अलविदा कह दिया था। जब वो अपनी सफलता के चरम पर थीं तभी उनकी मौत की खबर ने पूरे देश को झकझोर दिया था। मुंबई के वर्सोवा स्थित तुलसी अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल से गिरकर 19 साल की दिव्या की जान चली गई थी। लोगों के मन में तब भी और आज भी यही सवाल है कि क्या ये सिर्फ और दुर्घटना थी या सोची समझी साजिश? उस रात ऐसा क्या हुआ था कि दिव्या भारती ने इतनी ऊंचाई से कूदकर जान दे दी थी? इसी बीच जानिए उस खौफनाक रात से जुड़े अनसुलझे सवाल जिनके जवाब 32 साल बाद भी नहीं मिल पाए हैं।
दिव्या भारती और साजिद नाडियाडवाला की गुपचुप शादी
जानकारी के लिए बता दें कि दिव्या भारती ने 10 मई 1992 को प्रोडूसर साजिद नाडियाडवाला से गुपचुप शादी की थी। इतना ही नहीं ये भी कहा जाता है कि इस शादी के लिए दिव्या भारती ने इस्लाम धर्म कुबूल किया था और अपना नाम बदल कर ‘सना’ रख लिया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 5 अप्रैल 1993 में मौत वाली रात दिव्या स्ट्रेस में थीं, उस रात साजिद और उनके बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। ये भी कहा जाता है कि कपल के बीच बढ़ते मन-मुटाव का कारण साजिद का परिवार था। साजिद का परिवार इस शादी को स्वीकार न करना थी? या फिर दिव्या भारती अपनी प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ के बीच संतुलन नहीं बना पा रहीं थीं? वहीं, इन बातों को साजिद नाडियावाल ने सिरे से नकारा है।
न्यूज़18 की खबर के मुताबिक, उस काली रात दिव्या-साजिद के मुंबई के तुलसी अपार्टमेंट के कमरा नंबर 503 में फैशन डिजाइनर नीता लुल्ला और उनके पति मौजूद थे। दिव्या ने खूब शराब पी रखी थी और वो सोफे पर बैठकर बात कर रही थीं। लेकिन अचानक वो खिड़की की तरफ गईं जिस पर ग्रिल नहीं लगी थी। वहीं, बताया जाता है कि दिव्या खिड़की पर बैठने की कोशिश करने के दौरान संतुलन बिगड़ने की वजह से नीचे पार्किंग एरिया में गिर गईं और अस्पताल ले जाते वक्त उनकी मौत हो गई।
दिव्या भारती की मौत और लोगों की थ्योरीज (Divya Bharti Unsolved Death Mystery)
बता दें कि दिव्या भारती की अचानक मौत के बाद पूरा बॉलीवुड हिल गया था। कुछ लोगों ने उनकी मौत को अंडरवर्ल्ड से कनेक्ट किया, तो कुछ ने इसे मर्डर बताया। यहां तक कि साजिद नाडियाडवाला पर दिव्या भारती की हत्या के आरोप भी लगे, लेकिन इसका कोई सबूत नहीं मिला। पुलिस की रिपोर्ट में कहा गया कि एक्ट्रेस के खून में अल्कोहल की मात्रा बहुत ज्यादा थी। इसके साथ ही ये भी कहा गया कि नशे की हालत में संतुलन बिगड़ने से वो इस दुर्घटना का शिकार हुईं। बता दें कि साल 1998 में मुंबई पुलिस ने सबूतों की कमी के चलते इस केस की फाइल को हमेशा के लिए बंद कर दिया।
दिव्या भारती का छोटा लेकिन शानदार करियर (Divya Bharti Filmography)

अगर दिव्या भारती के करियर की बात करें, तो उन्होंने बहुत कम उम्र में ही फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना ली थी। दिव्या भारती ने 1992 में फिल्म ‘विश्वात्मा’ से बॉलीवुड में कदम रखा। इस फिल्म के गाने ‘सात समुंदर पार’ के बिना आज भी पार्टी या फंक्शन अधूरा माना जाता है। मगर शाहरुख खान के साथ आई उनकी फिल्म ‘दीवाना’ ने उनको रातोंरात स्टार बना दिया था। इसके बाद उन्होंने ‘शोला और शबनम’, और ‘दिल आशना है’ जैसी फिल्मों की जिन्होंने उन्हें सुपरस्टार बना दिया। बता दें कि दिव्या भारती ने एक ही साल में 12 से अधिक फिल्में साइन की थीं, जो एक रिकॉर्ड है।
दिव्या भारती ने कई फिल्मों में काम किया, जहां उनकी खूबसूरती, मासूमियत और शानदार अभिनय को खूब सराहा गया। आज भी जब दिव्या भारती का जिक्र होता है, तो उनकी मासूमियत के साथ-साथ उस रात की खौफनाक दास्तां लोगों के जहन में ताजा हो जाती है।


