एक ही मैच में वेस्टइंडीज ने तोड़ डाले इंग्लैंड के 2 बड़े रिकॉर्ड, जिम्बाब्वे के खिलाफ उड़ाए 19 छक्के

एक ही मैच में वेस्टइंडीज ने तोड़ डाले इंग्लैंड के 2 बड़े रिकॉर्ड, जिम्बाब्वे के खिलाफ उड़ाए 19 छक्के

T20 World Cup Records: वेस्टइंडीज की टीम टी20 वर्ल्डकप की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली टीम बन गई। हालांकि इससे पहले नीदरलैंड्स ने भी 2014 में आयरलैंड के खिलाफ 19 छक्के लगाए थे। 

West Indies vs Zimbabwe T20 World Cup 2026: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सबसे बड़ा स्कोर वेस्टइंडीज ने खड़ा कर दिया है। जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर 8 के अपने पहले मुकाबले में वेस्टइंडीज ने 6 विकेट खोकर 20 ओवर में 254 रन बनाए। इस दौरान उसने एक ही मैच में इंग्लैंड के दो बड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए। आपको बता दें कि वेस्टइंडीज ने इस मुकाबले में इंग्लैंड के 230 रन के स्कोर को तोड़ दिया, जो टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर था। इसके साथ ही वेस्टइंडीज की टीम टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में चार बार 200 या उससे ज्यादा रन बनाने वाली टीम बन गई है। इंग्लैंड और श्रीलंका तीन-तीन बार यह कारनामा कर चुकी हैं।

चौथी बार 200 के पार

साउथ अफ्रीका ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में 6 बार 200 रन के आंकड़े को पार किया है, जबकि भारत ने चार बार यह उपलब्धि हासिल की है। अब वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को पछाड़ते हुए भारत की बराबरी कर ली है। इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 254 रन बनाए। अगर टीम 7 रन और बना लेती, तो वह श्रीलंका के 260 रन के रिकॉर्ड को भी ध्वस्त कर देती, जो पहले टी20 वर्ल्ड कप यानी 2007 में श्रीलंका ने केन्या के खिलाफ बनाया था।

इस मैच में ब्रेंडन किंग ने 12 गेंदों में 9 रन बनाए, जबकि कप्तान शाई होप भी 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद शिमरन हेटमायर और रोवमैन पॉवेल ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। हेटमायर ने 19 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और 34 गेंदों में 7 चौके और 7 छक्कों की मदद से 85 रन बनाकर आउट हुए। वह 30 से अधिक गेंद खेलकर सबसे तेज रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज भी बने।

टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में रोवमैन पॉवेल ने भी अर्धशतक जड़ा और 35 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 59 रन बनाकर आउट हुए। अंत में शेरफेन रदरफोर्ड ने 13 गेंदों में 31 रन ठोक दिए, जबकि जेसन होल्डर ने 4 गेंदों में 13 रन बनाए। जिम्बाब्वे की ओर से रिचर्ड नगारवा ने 4 ओवर में 47 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि ब्लेसिंग मुजरबानी ने भी 2 विकेट हासिल किए। कप्तान सिकंदर रजा इस मुकाबले में पूरी तरह से बेअसर साबित हुए और उन्होंने 3 ओवर में 52 रन लुटाए।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *