Western Disturbances active: मौसम विभाग ने फरवरी 2026 का पूर्वानुमान जारी कर दिया है। इस महीने दिन और रात का तापमान सामान्य स्तर पर रहेगा, लेकिन मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। विशेष रूप से पहले और दूसरे सप्ताह में शीतलहर चलने की संभावना है, जबकि महीने के अंत तक सर्दी कमजोर पड़ जाएगी। फरवरी में ग्वालियर में कुल पांच पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार है, जिससे हल्के बादल छाएंगे और कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। (MP Weather News)
अगले 48 घंटे बादल, बारिश और कोहरा
शनिवार को दिनभर बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जिससे कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी। हवा में नमी बढ़ने से ठंडक का अहसास हुआ। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में हल्की बारिश, मध्यम से घना कोहरा और बादलों की छंटनी की संभावना जताई है।
अब तक कम शीतलहर, लेकिन अंत में वापसी
पिछले साल की सर्दी ने ज्यादा सितम नहीं ढहाया। अक्टूबर-नवंबर में तापमान सामान्य से ऊपर रहा। दिसंबर और जनवरी में शीतलहर नहीं चली, हालांकि दिसंबर के अंत में कोहरे से दिन का तापमान नीचे आया और कोल्ड डे/सीवियर कोल्ड डे की स्थिति बनी। जनवरी में शुरुआत में दिन सर्द रहा, लेकिन रात में शीतलहर नहीं आई। अंतिम सप्ताह में बारिश के कारण सर्दी लौटी और कुल 12 दिन कड़ाके की ठंड रही।
मौसम बिगाड़ने वाले सिस्टम
- जम्मू-कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, नया 2 फरवरी को और दूसरा 5 फरवरी को आएगा।
- उत्तर भारत में 12.6 किमी ऊपर 213 किमी/घंटा की जेट स्ट्रीम हवा।
- पंजाब-हरियाणा और गुजरात में चक्रवातीय घेरा, अरब सागर से नमी आने से बादल और बारिश के आसार।
फरवरी में ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज
मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने की भविष्यवाणी के अनुसार,
पहला सप्ताहः पश्चिमी विक्षोभऔर उत्तर पश्चिमी दिशा की ओर बढ़ने के कारण शुरुआत में न्यूनतम तापमान में वृद्धि रहेगी। 2-3 तारीख के आसपास बौछारें पड़ सकती हैं।
दूसरा सप्ताहः इस सप्ताह में न्यूनतम तापमान में थोड़ी कमी आ सकती है, मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सप्ताह की शुरुआत में कुहासा, कोहरा और धुंध रहने की संभावना है।
तीसरा सप्ताहः इस हफ्ते में दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। सुबह के समय आर्द्रता एक किमी के ऊपर रह सकती है, वहीं हवा का रुख उत्तर पूर्वी हो सकता है।
चौथा सप्ताहः इस सप्ताह मौसम में बहुत ज्यादा परिवर्तन की उम्मीद नहीं रहेगी, बादल, बारिश की संभावना कम है।


