भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के मौसम को लेकर बड़ी अपडेट दी है। एक तरफ जहां उत्तर और मध्य भारत भीषण ठंड, कोहरे और शीत लहर (Cold Wave Warning) की चपेट में है, वहीं दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र दक्षिण भारत के लिए खतरे की घंटी बजा रहा है।
कड़ाके की ठंड को लेकर चेतावनी जारी
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 से 7 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के बड़े हिस्से में सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की प्रबल संभावना है। इसके साथ ही कई राज्यों में शीतलहर, शीतदिवस (Cold Day) और पाले की स्थिति लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है।
IMD के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे भूमध्यरेखीय हिंद महासागर क्षेत्र में एक अच्छी तरह विकसित कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अगले 24 घंटों में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और फिर डिप्रेशन में बदलने की संभावना जताई गई है। इसका असर देश के मौसम तंत्र पर भी पड़ सकता है।
ठंड और कोहरे का सबसे ज्यादा असर उत्तर भारत में देखने को मिलेगा। 7 जनवरी को उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में शीत दिवस की स्थिति बन सकती है। दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी ठंड का प्रकोप रहने की चेतावनी दी गई है। वहीं 8 जनवरी तक पूर्वी राजस्थान, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में शीत दिवस की संभावना जताई गई है।
शीतलहर को लेकर भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। 7 से 9 जनवरी के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और ओडिशा में, 8 से 11 जनवरी तक राजस्थान में, 7 और 8 जनवरी को मध्य प्रदेश में तथा 8 जनवरी तक महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में, झारखंड और छत्तीसगढ़ में शीतलहर चलने की आशंका है। उत्तराखंड के कुछ इलाकों में 7 जनवरी को पाला पड़ने की भी चेतावनी दी गई है।
महाराष्ट्र में मौसम का मिजाज बदलेगा
पिछले छह दिनों के दौरान एक पश्चिमी विक्षोभ के चलते सर्दियों की स्थिति में जो अस्थाई कमी आई थी, वह अब समाप्त हो रही है और शुष्क हवाएं चलना शुरू हो गई हैं। इसके प्रभाव से तापमान में एक बार फिर धीरे-धीरे गिरावट आएगी, जिससे महाराष्ट्र के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान फिर से 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचने का अनुमान है।
वहीं, कोंकण क्षेत्र में न्यूनतम तापमान गिरकर 12-14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मुंबई सहित तटीय इलाकों में 8-9 जनवरी तक न्यूनतम तापमान 16-18 डिग्री सेल्सियस के रेंज में रह सकता है। हालांकि, इस पूरे हफ्ते कोंकण क्षेत्र में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहने की उम्मीद है।
भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट
कई मौसम प्रणालियों के प्रभाव से 9 और 11 जनवरी तक तमिलनाडु, केरल और माहे में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। खासकर तमिलनाडु में कुछ जगहों पर मूसलाधार बारिश की भी संभावना है। केरल और माहे में भी 10 जनवरी को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग ने मछुआरों के लिए भी सख्त चेतावनी जारी की है। 11 जनवरी तक बंगाल की खाड़ी, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश तट, श्रीलंका तट के आसपास तथा अरब सागर के कुछ हिस्सों में समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है, क्योंकि इन क्षेत्रों में तेज हवाएं और खराब मौसम की आशंका है।


