आने वाले एक हफ्ते तक मौसम का मिजाज तेजी से बदलता रहेगा। सुबह घना कोहरा, दिन में धूप और तेज हवाएं ठंड का असर बढ़ाएंगी। तापमान में बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं होगा, लेकिन रात और सुबह गलन परेशान कर सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों तक मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा। सुबह के समय कई इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है। दिन चढ़ने के साथ कोहरा धीरे-धीरे छंटेगा और धूप निकलेगी, लेकिन इसके बावजूद ठंड से पूरी राहत नहीं मिलेगी। बुधवार की सुबह भी कई जगहों पर कोहरा देखा गया। करीब नौ बजे के बाद मौसम साफ हुआ और धूप खिली। धूप निकलने से दिन के तापमान में लगभग तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि बीच-बीच में बादल भी नजर आए। अधिकतम तापमान करीब 19.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि रात का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।
2 दिन बाद आसमान हो जाएगा साफ़, दोपहर में रहेगी चमकीली धूप
मौसम विभाग का कहना है कि दो दिन बाद दिन के समय तेज सतही हवाएं चल सकती हैं। इन हवाओं के कारण ठंड का अहसास और बढ़ जाएगा। खास तौर पर सुबह और शाम के समय गलन ज्यादा महसूस होगी। आने वाले दिनों में आसमान अधिकतर साफ रहेगा। और दोपहर में धूप भी देखने को मिलेगी। लेकिन तापमान में तेजी से बढ़ोतरी की संभावना नहीं है।
10 फरवरी तक दिन का तापमान 18 से 20 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद
अनुमान है कि 10 फरवरी तक दिन का तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। जबकि रात का तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों में साफ दिख रहा है। ठंडी हवाओं के कारण सर्दी अभी बनी रहेगी। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। सुबह घना कोहरा, दोपहर में धूप और शाम को ठंडक के साथ गलन—आने वाले दिनों में मौसम का यही चक्र बना रह सकता है।


