लखनऊ में बदलेगा मौसम:गर्मी से मिलेगी राहत, तापमान में 2 डिग्री तक की होगी गिरावट, चलेगी झोंकेदार हवा

लखनऊ में बदलेगा मौसम:गर्मी से मिलेगी राहत, तापमान में 2 डिग्री तक की होगी गिरावट, चलेगी झोंकेदार हवा

लखनऊ में सुबह से मौसम साफ बना हुआ है। दिन में चटक धूप निकली है, लेकिन कल से मौसम बदलेगा इसके चलते गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रहेगा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री रहा। यह सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रहा। यह सामान्य से 4 डिग्री अधिक रहा। अधिकतम आर्द्रता 78 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 30 फीसदी रही। गिरेगा पारा, बादलों की रहेगी आवाजाही मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ 15 मार्च से प्रदेश को प्रभावित करने की संभावना है। इससे प्रदेश के अधिकतम तापमान में आगामी 4 दिनों के दौरान 2-3 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान में 15-17 मार्च के दौरान 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी। वायुमंडलीय अस्थिरता बढ़ने के कारण प्रदेश में सुबह के समय पड़ रहे कोहरे धुंध से निजात मिलने की संभावना है। प्रदेश के बुंदेलखंड एवं मध्यवर्ती जिलों के अलावा अन्य भागों में 15-16 मार्च के दौरान बादलों की गरज चमक के साथ 30-50 किमी/घंटा की गति से झोंकेदार हवाओं के साथ तराई और पूर्वांचल के कुछ जिलों में कहीं-कहीं ओले भी गिरेंगे। मार्च के अंत तक पड़ेगी भीषण गर्मी इस बीच मार्च के अंत तक भीषण गर्मी का दौर बढ़ेगा। उत्तर प्रदेश में आगामी ग्रीष्म ऋतु (मार्च-अप्रैल-मई) के दौरान गर्मी का प्रकोप बढ़ने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1-3 डिग्री सेल्सियस अधिक और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1-2 डिग्री अधिक रहने की संभावना है।पिछली शीत ऋतु में पश्चिमी विक्षोभों की कम सक्रियता के कारण सामान्य से कम वर्षा हुई, जिससे तापमान पहले से ही ऊपर रहा। अप्रैल-मई में लू के दिनों की संख्या बढ़ेगी अब भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में जारी ला-निना की स्थिति कमजोर हो रही है और यह तटस्थ नीनो में बदलने वाली है। हिंद महासागरीय द्विध्रुव भी तटस्थ रहने की उम्मीद है। इन सबके संयुक्त प्रभाव से मार्च में ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रह सकता है। हीटवेव की संभावना कम है। लेकिन अप्रैल-मई में पूर्वांचल और तराई इलाकों में लू के दिनों की संख्या बढ़ने का अलर्ट है। न्यूनतम तापमान भी पूरे सीजन में सामान्य से अधिक रहने की संभावना जताई गई है, जिससे रातें भी गर्म रह सकती हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *