वाराणसी: पूर्वांचल में एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। गुरुवार की सुबह पूर्वांचल के लगभग सभी जिलों में आसमान में हल्के बादल नजर आए। वहीं, पछुआ हवा ने मौसम में गुलाबी ठंड का एहसास भी कराया। इस दौरान पूर्वांचल में बारिश होने की संभावना नहीं है।
पहाड़ों में हुई बर्फबारी से बदला मौसम
वाराणसी समेत पूरे पूर्वांचल में गुरुवार की सुबह गुलाबी ठंड लेकर आई। यहां कई हफ्तों के बाद सुबह आसमान में हल्के बादल देखने को मिले। मौसम विभाग की मानें तो इसके पीछे का करण पहाड़ों पर हुई बर्फबारी है। विभाग के मुताबिक बनारस में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, गाजीपुर में 28.5, बलिया में 27.2, आजमगढ़ में 29.4 और गोरखपुर में अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
होगा गुलाबी ठंड का एहसास
गुरुवार को मौसम विभाग की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, वाराणसी में 14.6, बलिया में 13, आजमगढ़ में 13.5 और गोरखपुर में 13.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो से तीन दिनों तक मौसम का मिजाज कुछ इसी तरह का रहने वाला है। इसके साथ ही पूर्वांचल में पाछूआ हवा भी चलेगी जो सुबह-सुबह और शाम के समय गुलाबी ठंड का एहसास कराएगी।


