हनुमानगढ़ में बदला मौसम, बारिश हुई:पश्चिमी विक्षोभ के असर से बरसे बादल, गेहूं और चने की फसल को फायदा

हनुमानगढ़ में बदला मौसम, बारिश हुई:पश्चिमी विक्षोभ के असर से बरसे बादल, गेहूं और चने की फसल को फायदा

हनुमानगढ़ जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और शाम करीब 4 बजे जिला मुख्यालय पर हल्की बरसात हुई।
रात करीब 10 बजे तेज बारिश होने से तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बुधवार सुबह भी मौसम में ठंडक महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार, यह बदलाव एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण आया है। इस विक्षोभ का प्रभाव मुख्य रूप से मंगलवार को देखा गया। हालांकि, आगामी एक-दो दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट बनी रह सकती है। इस हल्की बारिश से गेहूं और चना की फसलों को सर्वाधिक लाभ हुआ है। पिछले कुछ दिनों से तापमान में अचानक हुई बढ़ोतरी के कारण किसान चिंतित थे। शनिवार से सोमवार तक अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे रबी फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही थी।
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, इस समय हुई हल्की वर्षा से फसलों को पर्याप्त नमी मिलेगी और दाने भरने की प्रक्रिया में सहायता मिलेगी। इसके साथ ही, मौसम में आई ठंडक से आमजन को भी गर्मी से राहत मिली है। बुधवार को भी मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहने की संभावना व्यक्त की गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *