पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते दौसा जिले में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। यहां सर्द हवा चलने के साथ आसमान में बादल छाए हुए हैं, इससे दिन में भी सर्दी का असर महसूस किया जा रहा है। बादल छाए होने से सुबह करीब 9 बजे तक धूप नहीं निकली, ऐसे में एक बार फिर सर्दी जोर पकड़ सकती है। यहां मंगलवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जबकि अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम में आए बदलाव से दिन और रात के तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। कल 25 जिलों के लिए अलर्ट मौसम विभाग ने आज 13 जिलों में अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञों ने बताया- राज्य में 17 और 18 फरवरी को मौसम में बदलाव रहेगा। जयपुर संभाग समेत कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है और आसमान में बादल छाने के साथ-साथ कहीं-कहीं तेज हवाएं और ओले भी गिर सकते हैं। कल 25 जिलों में बदले मौसम का असर दिखेगा। पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में आए बदलाव का सर्वाधिक असर 18 फरवरी को रहेगा।


