गोधरा. पंचमहाल जिले के गोधरा एवं दाहोद में मंगलवार रात और बुधवार सुबह बादलों की गरज व बिजली चमक के साथ हल्की बारिश हुई। दोनों जगहों पर हुई इस बेमौसम बारिश से मौसम में बदलाव आया है साथ ही तापमान में कमी आई है।पिछले दो दिनों से गोधरा में आसमान बादलों से घिरा था और अनुमान जताया जा रहा था कि बारिश हो सकती है। बुधवार सुबह हुई हल्की बरसात से सड़कों पर नमी फैल गई और हवा में ठंडक बढ़ गई।
दूसरी ओर दाहोद, लीमखेड़ा, राबडाल और गरबाड़ा क्षेत्रों में मंगलवार देर रात तेज बिजली की चमक और बादलों की गरज के साथ बारिश हुई। कई इलाकों में बुधवार तड़के तक हल्की बारिश जारी रही, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।किसानों में इस बारिश को लेकर मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। गोधरा क्षेत्र में कुछ फसलों के लिए यह यह बारिश लाभकारी हो सकती है, जबकि दाहोद में रबी फसल के अंतिम चरण में हुई बारिश से नुकसान की आशंका जताई है। गेहूं और चने की फसल तैयार हालत में है। बारिश से अनाज में नमी बढ़ने और दाने काले पड़ने का खतरा है, जिससे मंडी में उचित मूल्य मिलने पर असर पड़ सकता है।
आज भी बादल छाए रहने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार को भी आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। जिससे कहीं-कहीं बूंदाबांदी तो कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है। फिलहाल वातावरण में ठंडक बनी हुई है।


