दौसा जिले में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। बीती रात तेज अंधड़ के साथ कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। तेज हवाओं के चलते धूल भरा गुबार छा गया, जिससे जनजीवन भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। जिले में गुरुवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। धूप निकलने के बावजूद वातावरण में नमी बनी हुई है, जिससे मौसम सुहावना तो लग रहा है, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि यदि इस समय बारिश होती है तो तैयार खड़ी गेहूं की फसल को भारी नुकसान हो सकता है। फसल कटाई होने के कारण मौसम में यह बदलाव उनके लिए जोखिम भरा साबित हो सकता है। इधर, मौसम विभाग ने भी आगामी दिनों में मौसम खराब रहने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


