ग्वालियर में क्राइम ब्रांच और थाटीपुर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक हथियार तस्कर को पकड़ा है। उसके पास से एक पिस्टल और एक जिंदा राउंड बरामद की गई है। पूछताछ में पता चला कि उसने 30 मिनट पहले ही एक नाबालिग को 12 हजार रुपए में रिवॉल्वर बेची थी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर नाबालिग को रिवॉल्वर के साथ हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है। पुलिस हथियार तस्कर से यह भी पता लगा रही है कि वह हथियार कहां से खरीदकर लाया था, वहीं नाबालिग से पूछताछ कर रही है कि उसने रिवॉल्वर क्यों खरीदी थी। ग्वालियर क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि एक हथियार तस्कर मरघट रोड, नदीपार टाल, थाटीपुर इलाके में हथियार की तस्करी करने के लिए आया है। इस सूचना से तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में क्राइम ब्रांच और थाटीपुर थाना पुलिस ने सूचना के आधार पर इलाके में हथियार तस्कर की घेराबंदी के प्रयास शुरू किए। सीएसपी मुरार अतुल कुमार सोनी एवं डीएसपी अपराध नागेंद्र सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी थाटीपुर विपेंद्र सिंह चौहान और थाना प्रभारी अपराध अमित शर्मा के नेतृत्व में संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर एक युवक बाउंड्री वॉल की ओट में छिपने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान 23 वर्षीय अभिषेक पुत्र रमाकांत उचारिया, निवासी न्यू सुरेश नगर, थाटीपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की जेब से एक देसी पिस्टल और एक जिंदा राउंड बरामद किया गया। अवैध हथियार के संबंध में गहन पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह हथियारों की खरीद-फरोख्त करता है। कुछ देर पहले ही नाबालिग को बेची थी रिवॉल्वर जब गहराई से पूछताछ की गई तो पता चला कि अभिषेक ने हाल ही में एक रिवॉल्वर 12 हजार रुपए में नदी पार टाल पर एक 17 साल के लड़के को बेची है। यह पता चलते ही पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और पता लगाया कि वह नाबालिग कहां बैठा है। तत्काल पुलिस ने उसे भी हिरासत में लिया और उसके पास से रिवॉल्वर बरामद कर ली है। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। डीएसपी क्राइम नागेन्द्र सिंह ने बताया- दो लोग अवैध हथियार के साथ पकड़े गए हैं। इनमें एक नाबािलग है, जिसने हथियार तस्कर से रिवॉल्वर खरीदी है। फिलहाल पिस्टल के साथ पकड़े गए तस्कर से पूछताछ की जा रही है।


