इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि हम युद्ध के लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में काम करेंगे, जिसमें इजरायल के महत्वपूर्ण हितों को सुरक्षित रखेगा। नेतन्याहू ने यह भी कहा कि हम हमले जारी रखेंगे।
नेतन्याहू ने की ट्रंप से बात
नेतन्याहू ने लिखा कि आज मैंने अपने मित्र और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से बात की। राष्ट्रपति ट्रंप का मानना है कि अमेरिकी सेना के साथ मिलकर हमने जो शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं, उनका लाभ उठाकर एक समझौते के माध्यम से युद्ध के लक्ष्यों को पूरा करने का अवसर है। इसी बीच, हम ईरान और लेबनान दोनों जगह हमले जारी रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि हम इन हमलों के जरिए ईरान की मिसाइल व परमाणु प्रोग्राम को खत्म कर रहे हैं। लेबनान में ईरान समर्थित हिजबुल्लाह को तबाह कर रहे हैं। नेतन्याहू ने आगे बताया कि बीते दिनों ही हमने दो और परमाणु वैज्ञानिकों को ढेर किया है और हमारे अभियान अभी भी सक्रिय हैं। हम हर परिस्थिति में अपने महत्वपूर्ण हितों की रक्षा करेंगे।
ट्रंप ने कहा- अगले 5 दिनों तक कोई बड़ा हमला नहीं होगा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मैंने युद्ध विभाग को ईरान के बिजली संयंत्रों और ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर किए जाने वाले हमलों को अगले 5 दिनों तक स्थगित करने का निर्देश दिया है। ट्रंप ने कहा कि यह फैसला बातचीत के नतीजों पर टिका है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी और ईरानी डेलिगेट्स के बीच में जंग खत्म करने को लेकर अच्छी बातचीत हुई है। हालांकि, ईरान ने इस तरह के किसी भी बातचीत से इनकार किया है।
सुरक्षा परिषद में बहरीन का प्रस्ताव
अल जजीरा की न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में बहरीन ने पश्चिम एशिया के तनावपूर्ण हालात पर एक नया मसौदा प्रस्ताव रखा है। यह प्रस्ताव सदस्य देशों को होर्मुज जलडमरूमध्य में नेविगेशन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के लिए “सभी आवश्यक कदम” उठाने का अधिकार देने की वकालत करता है। इसमें मांग की गई है कि ईरान फौरन स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर हमले करना रोके और नेविगेशन में बाधा न डाले।


