Border 2 Ahan Shetty: फिल्म बॉर्डर 2 की रिलीज में लगभग 45 घंटे रह गए हैं और एडवांस बुकिंग में इसे लेकर क्रेज देखा जा रहा है। वहीं, इस फिल्म में सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी भी नजर आने वाले हैं, फिल्म के ट्रेलर में अहान एक नेवी ऑफिसर के दमदार लुक में नजर आ रहे हैं, जिसकी हर तरफ तारीफ हो रही है। ऐसे में अहान ने बताया कि लोग हमें एक-दूसरे से लड़वाने की कोशिश कर रहे हैं। ये बात अहान ने किसी और के लिए नहीं बल्कि ‘सैयारा’ फिल्म के एक्टर अहान पांडे के लिए कही है।
अहान शेट्टी की हो रही अहान पांडे से तुलना (Border 2 Ahan Shetty)
वहीं, अहान शेट्टी ने अपनी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ को प्रमोट करते हुए ये भी कहा कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में किसी एक्टर को देखने का लोगों का नजरिया किस तरह से बदल रहा है। बॉम्बे टाइम्स से अहान शेट्टी ने खास बातचीत की। इस दौरान अहान ने बताया कि इस समय लोग उनकी तुलना चंकी पांडे के भतीजे और ‘सैयारा’ फिल्म के एक्टर अहान पांडे से कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “आजकल का माहौल ऐसा है कि लोग सिर्फ 2-3 सेकंड की वीडियो क्लिप देखकर अपनी राय बना लेते हैं। मेरी जनरेशन के एक्टर्स के साथ यही हो रहा है। हमें जबरदस्ती एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा करने की कोशिश की जा रही है।”

अहान शेट्टी ने कहा हमारे बीच कोई कॉम्पिटिशन नहीं (Ahan Shetty addresses comparisons with Ahaan Panday)
अहान ने आगे साफ किया, “मेरे और अहान पांडे के बीच कोई कॉम्पिटिशन नहीं है। मैं उसे बहुत करीब से जानता हूं और मुझे पता है कि उसने अपनी फिल्म के लिए कितनी मेहनत की है। हम दोनों का अपना-अपना रास्ता है और हमारे मन में एक-दूसरे के लिए बहुत सम्मान है। सोशल मीडिया की वजह से शायद लोगों को हमारा आपसी सपोर्ट नहीं दिखता, लेकिन हम एक ही इंडस्ट्री का हिस्सा हैं और एक-दूसरे की तरक्की चाहते हैं।”
“नेपोटिज्म का शोर आसान नहीं था” (Ahan Shetty On Nepotism)
अहान शेट्टी ने साल 2021 में आई फिल्म ‘तड़प’ से डेब्यू किया था। अब वह बड़ी स्टारकास्ट से साथ काम करने जा रहे हैं। ऐसे में अहान शेट्टी ने नेपोटिज्म (भाई-भतीजावाद) के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। अहान ने कहा, “जब मेरी पहली फिल्म आई थी, तब पूरी दुनिया में नेपोटिज्म पर बहस छिड़ी हुई थी। उस शोर के बीच खुद को साबित करना बहुत मुश्किल था। मेरे पिता एक्टर हैं और मैं भी वही बनना चाहता हूं, इसमें कुछ गलत नहीं है। मैंने बस यही सीखा है कि आसपास के शोर को अनसुना कर अपने काम पर 200 परसेंट फोकस करना चाहिए।”

अहान शेट्टी अब 23 जनवरी 2026 को बड़े पर्दे पर ‘बॉर्डर 2’ के साथ लौट रहे हैं। 1971 के युद्ध पर आधारित इस फिल्म में वह सनी देओल, वरुण धवन और दिलजीत दोसांझ जैसे बड़े सितारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ते दिखेंगे। दर्शकों को उम्मीद है कि इस फिल्म से अहान के करियर को एक नई ऊंचाई मिलेगी।


