संभल में नाला निर्माण से जलभराव, दुकानें बंद:व्यापारियों का प्रदर्शन, चेयरमैन ने दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम

संभल के चंदौसी में नाला निर्माण के कारण पिछले लगभग 15 दिनों से सड़क पर गंदे पानी का जलभराव हो गया है। इस समस्या से स्थानीय व्यापारियों और आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के चलते दुकानें बंद हैं और लगभग 2500 स्कूली बच्चे भी प्रभावित हुए हैं। रविवार को जनपद संभल की चंदौसी नगर पालिका परिषद के मोहल्ला सीकरी गेट में जलभराव के विरोध में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ठेकेदार और अधिशासी अधिकारी (ईओ) के खिलाफ नारेबाजी की। व्यापारियों का कहना है कि लगभग 10-12 दिनों से उनकी दुकानें बंद हैं, जिससे उनकी आजीविका पर संकट आ गया है। युवा प्रदेश उपाध्यक्ष शाह आलम मंसूरी ने बताया कि इस सड़क पर चार से पांच स्कूल हैं, जिनमें तकरीबन 2000 बच्चे पढ़ते हैं। जलभराव के कारण बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं, जबकि उनकी परीक्षाएं नजदीक हैं। उन्होंने यह भी बताया कि गंदा पानी घरों और दुकानों में घुस रहा है। युवा जिलाध्यक्ष सागर गुप्ता ने जानकारी दी कि उन्होंने कई बार मौखिक और लिखित रूप से पालिका के अधिशासी अधिकारी को जल निकासी की व्यवस्था करने के लिए अवगत कराया है, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि जलभराव के कारण लगभग 50 दुकानें बंद पड़ी हैं और व्यापार चौपट हो गया है। नगर पालिकाध्यक्ष लता वार्ष्णेय ने धरना स्थल पर अधिशासी अधिकारी राम धर्मराज सिंह को बुलाया और उन्हें तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उन्होंने ठेकेदार को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो ठेकेदार को नगर पालिका की ब्लैक लिस्ट में डाल दिया जाएगा। मौके पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुज तोमर पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। धरनास्थल पर व्यापार मंडल की ओर से युवा जिलाध्यक्ष सागर गुप्ता, युवा प्रदेश उपाध्यक्ष शाह आलम मंसूरी, युवा नगर अध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय सहित असीम अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, विकास बंसल, मौहम्मद इरफान, जुबेर कुरेशी, डॉ. मोहनलाल पाल, उमेर शमसी, फहीम शमसी, मोहित सक्सेना, सोनू बल्ली, प्यारे शमसी, आबाद कुरैशी और अमन कुरेशी आदि उपस्थित थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *