झांसी में पांच दिन नलों से पानी नहीं आएगा:रेल लाइन दोहरीकरण के चलते बिगड़ गई व्यवस्था, जल निगम ने जारी की एडवाइजरी

झांसी में पांच दिन नलों से पानी नहीं आएगा:रेल लाइन दोहरीकरण के चलते बिगड़ गई व्यवस्था, जल निगम ने जारी की एडवाइजरी

झांसी रेल मंडल द्वारा खैरार–भीमसेन रेलवे स्टेशन के बीच झांसी–प्रयागराज रेल लाइन के दोहरीकरण का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत ओरछा–झांसी सेक्शन में रेलवे क्रॉसिंग संख्या 368/A के पास दूसरे ट्रैक के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है। इसी स्थान पर जल निगम की मुख्य पेयजल पाइप लाइन पहले से बिछी होने के कारण तकनीकी अड़चन सामने आई है। जिसके चलते जिले में पेयजल आपूर्ति पांच दिन बाधित रहेगी। रेलवे ट्रैक के नीचे से गुजर रही जल निगम की पाइप लाइन पर ट्रेनों के बढ़ते दबाव और सुरक्षा जोखिम को देखते हुए जल निगम को अपनी 110 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रतिदिन) क्षमता वाली मेन पाइप लाइन को स्थानांतरित करना पड़ा है। इसके चलते झांसी जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में आगामी पांच दिनों तक पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित रहने वाली है, जिससे लाखों उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। जल निगम के अधिशासी अभियंता मुकेश पाल सिंह ने बताया कि दोहरीकरण के चलते पाइप लाइन को शिफ्ट किया गया है और अब रेलवे द्वारा इसे सुरक्षित रखने के लिए आरसीसी ब्लॉक कलवर्ट का निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ ही झांसी पुनर्गठन योजना के अंतर्गत बिछाई गई 1400 एमएम व्यास की पाइप लाइन से इंटर-कनेक्शन का कार्य भी किया जाना है। इन दोनों महत्वपूर्ण कार्यों को एक साथ पूरा किया जा रहा है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दिक्कत न आए। उन्होंने बताया कि तकनीकी कार्यों के कारण 20 से 25 जनवरी तक झांसी जिले में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी। जल निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि को देखते हुए पहले से ही पेयजल का पर्याप्त भंडारण कर लें और अनावश्यक जल उपयोग से बचें। कार्य पूरा होते ही चरणबद्ध तरीके से जल आपूर्ति बहाल की जाएगी। बताया गया है कि रेल लाइन दोहरीकरण से भविष्य में ट्रेनों की आवाजाही सुगम होगी और रेल यातायात क्षमता बढ़ेगी, लेकिन फिलहाल इस कार्य का सीधा असर आमजन की दैनिक जरूरतों पर पड़ रहा है। प्रशासन का दावा है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा कर लिया जाएगा, ताकि लोगों को लंबे समय तक असुविधा न हो। इन क्षेत्र में नहीं आएगा पानी कैण्ट बोर्ड बबीना/झांसी, बीएचईएल, यूपीएसआईडीसी आरएसपीएल बिजौली, रामनाथ सिटी, पीएसी राजगढ़, एमईएस झांसी, मेडिकल कॉलेज झांसी, जल संस्थान के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण व शहरी क्षेत्र तथा झांसी नगर की पेयजल आपूर्ति निर्धारित अवधि में पूर्ण रूप से बाधित रहेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *