Water Supply: गर्मी से पहले प्रशासन अलर्ट मोड में, समर कंटीजेंसी प्लान के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

Summer Contingency Plan: जयपुर. आगामी ग्रीष्म ऋतु में जयपुर शहर में पेयजल संकट की स्थिति से बचाव और आमजन को निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने की, जिसमें जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों द्वारा तैयार किए जा रहे समर कंटीजेंसी प्लान की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जिला कलक्टर डॉ.सोनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में संभावित जल संकट की स्थिति को ध्यान में रखते हुए समर कंटीजेंसी प्लान को पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का पूर्व आकलन कर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि शहर के किसी भी क्षेत्र में पानी की कमी की स्थिति उत्पन्न न हो।

उन्होंने जयपुर शहर में चल रही विभिन्न पेयजल परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा में पूर्ण की जाएं। इससे गर्मी के मौसम में शहरवासियों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा।
जिला कलक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की संभावना है या जहां पानी की मांग अधिक है, वहां समय रहते टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति की व्यवस्था की जाए। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को फील्ड में नियमित मॉनिटरिंग करने तथा किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने विभागीय समन्वय के साथ कार्य करने पर भी जोर दिया, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर आशीष कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर मुकेश मूंड, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता हिमांशु मील, शुभांशु दीक्षित सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *